हॉकी विश्व कप : भारत-अमेरिका मुकाबला ड्रॉ, नाकआउट में इटली से होगी भिड़ंत

लंदन : अमेरिका की मजबूत टीम के खिलाफ ड्रॉ खेलकर उम्मीदें जीवंत रखने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम मंगलवार को यहां क्रासओवर विश्व कप मैच में कम रैंकिंग वाली इटली की टीम से भिड़ेगी. दुनिया की 10वें नंबर की टीम भारत 17वें नंबर की इटली की टीम के खिलाफ इस महत्वपूर्ण नाकआउट मैच में प्रबल […]

लंदन : अमेरिका की मजबूत टीम के खिलाफ ड्रॉ खेलकर उम्मीदें जीवंत रखने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम मंगलवार को यहां क्रासओवर विश्व कप मैच में कम रैंकिंग वाली इटली की टीम से भिड़ेगी.

दुनिया की 10वें नंबर की टीम भारत 17वें नंबर की इटली की टीम के खिलाफ इस महत्वपूर्ण नाकआउट मैच में प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगी. इस मैच में जीत भारत को क्वार्टर फाइनल में जगह दिलाएगी जहां गुरुवार को उसका सामना आयरलैंड से होगा.

पूल बी में भारत का सफर आसान नहीं रहा। टीम ने इंग्लैंड ओर अमेरिका के खिलाफ ड्रॉ खेला जबकि आयरलैंड के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा. दूसरी तरफ इटली ने चीन (3-0) और कोरिया (1-0) को हराया लेकिन नीदरलैंड के खिलाफ अपने अंतिम लीग मैच में 1-12 की करारी हार के बाद टीम पूल ए में दूसरे स्थान पर रही.

लेकिन मंगलवार के मैच में लय भारत के पक्ष में होगी और इटली के लिए नीदरलैंड के खिलाफ मनोबल तोड़ने वाली हार के बाद वापसी करना आसान नहीं होगा. भारतीय टीम ने दबाव में अमेरिका के खिलाफ प्रभावी खेल दिखाया और ड्रॉ खेलकर टूर्नामेंट में बने रहने में सफल रही.

अमेरिका ने 11वें मिनट में बढ़त बना ली थी लेकिन कप्तान रानी रामपाल ने 31वें मिनट में भारत को बराबरी दिला दी जिससे अमेरिका का अभियान थम गया. भारत अगर मंगलवार को जीत दर्ज करने में सफल रहता है तो उसके पास पूल चरण में आयरलैंड के खिलाफ 0-1 की हार का बदला चुकता करने का मौका होगा.

भारतीय कप्तान रानी ने हालांकि नीदरलैंड के खिलाफ इटली की 1-12 की हार के बावजूद टीम को आत्मुग्धता से बचने की चेतावनी देते हुए कहा कि इटली की टीम दावेदारों में शामिल है. भारतीय टीम इसके अलावा हाकी विश्व कप सेमीफाइनल 2015 में इटली की टीम के खिलाफ शूट आउट में मिली जीत से प्रेरणा लेने की कोशिश करेगी.

रानी ने कहा, इटली की टीम अच्छी है और इस टूर्नामेंट में उन्होंने अच्छी जीत दर्ज की हैं। लेकिन इस मैच में हमें आत्मविश्वास के साथ उतरने की जरूरत है कि हम उन्हें हरा सकते हैं. मैच भारतीय समयानुसार रात 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >