FIFA U-17 World Cup : दो बार की चैम्पियन घाना ने कोलंबिया को 1-0 से हराया
नयी दिल्ली : दो बार की चैम्पियन घाना ने शुक्रवार को यहां जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में फीफा अंडर 17 विश्व कप के शुरुआती ग्रुप चरण के मुकाबले में अपने चिर परिचित अंदाज में खेलते हुए कोलंबिया को 1-0 से मात दी. घाना ने पहले हाफ में काफी आक्रामक खेल दिखाया तो कोलंबियाई खिलाडियों ने […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
नयी दिल्ली : दो बार की चैम्पियन घाना ने शुक्रवार को यहां जवाहर लाल नेहरु स्टेडियम में फीफा अंडर 17 विश्व कप के शुरुआती ग्रुप चरण के मुकाबले में अपने चिर परिचित अंदाज में खेलते हुए कोलंबिया को 1-0 से मात दी.
घाना ने पहले हाफ में काफी आक्रामक खेल दिखाया तो कोलंबियाई खिलाडियों ने अच्छे जवाबी हमले बोले, हालांकि वे गोल करने में कामयाब नहीं हो सके. 2009 के बाद से कोलंबिया ने अंडर 17 विश्व कप में प्रतिनिधित्व नहीं किया था इसलिये उनके खिलाड़ी खुद को साबित करने के लिये जोश से भरे थे और मैच में गेंद ज्यादातर समय उनके कब्जे में रही. लेकिन वे घाना की आक्रामकता के सामने नहीं टिक सके.
पहले हाफ में दोनों टीमों के खिलाडियों ने कई मौके बनाये लेकिन 38 मिनट तक कोई सफलता नहीं मिली. इसके बाद घाना के लिये मिडफील्डर सादिक इब्राहिम (39वें मिनट) ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलायी जो अंत में विजयी गोल साबित हुआ. मिडफील्ड में इमैनुअल टोकू के शानदार पास को कप्तान एरिक एइया गोल की तरफ लेकर भागे और इसे इब्राहिम की ओर कर दिया. इब्राहिम ने मौके का पूरा फायदा उठाया और कोलंबियाई गोलकीपर को छकाते हुए शानदार गोल करके अपने खिलाडियों को जश्न मनाने का मौका दिया.
वर्ष 1991 और 1995 की चैम्पियन घाना की टीम टूर्नामेंट में पांच बार हिस्सा लेते हुए चार बार फाइनल्स में पहुंच चुकी है और शुक्रवार को भी उसका दबदबा शानदार रहा. अब घाना का सामना यहां नौ अक्तूबर को अमेरिका से होगा.