जूनियर विश्व कप फुटबॉल कल से : भारत सहित सभी टीमों कर रही हैं जोरदारा अभ्यास

जंग से पहले शक्ति परख जारी कोलकाता/ नयी दिल्ली : अंडर-17 विश्व कप फुटबॉल का आगाज शुक्रवार से होगा. जंग से पहले भारत पहुंची सभी टीमें जोरदार तैयारी कर रही हैं. भारतीय टीम जहां दिल्ली में अभ्यास कर रही हैं, वहीं गोवा, गुवाहाटी, मुंबई, कोलकाता सहित अन्य जगहों पर भी इसमें हिस्सा लेनेवाली टीमों की […]

जंग से पहले शक्ति परख जारी

कोलकाता/ नयी दिल्ली : अंडर-17 विश्व कप फुटबॉल का आगाज शुक्रवार से होगा. जंग से पहले भारत पहुंची सभी टीमें जोरदार तैयारी कर रही हैं. भारतीय टीम जहां दिल्ली में अभ्यास कर रही हैं, वहीं गोवा, गुवाहाटी, मुंबई, कोलकाता सहित अन्य जगहों पर भी इसमें हिस्सा लेनेवाली टीमों की तैयारी जारी है.

बुधवार को बोरसिया डोर्टमंड के इंग्लैंड के मिडफील्डर जेडन सेंचो फीफा विश्व कप अंडर-17 टूर्नामेंट के ग्रुप चरण के मैचों से पूर्व टीम के अपने साथियों के साथ जुड़ गये हैं. इस साल अंडर-17 यूरो में इंग्लैंड के उपविजेता रहने के दौरान सेंचो को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था. इंग्लैंड को फाइनल में स्पेन के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में शिकस्त झेलनी पड़ी थी. चिली के खिलाफ टूर्नामेंट के टीम के पहले मैच से चार दिन पूर्व सेंचो ने टीम के पहले आधिकारिक अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया.

सेंचो ने टीम के साथ यात्रा नहीं की थी और बुंदेसलीग की शीर्ष टीमों में शुमार डोर्टमंड से अंतिम लम्हों में रिलीज होने के बाद उन्होंने अलग से यात्रा की. इंग्लैंड के मीडिया मैनेजर एमी हर्ट ने साइ ट्रेनिंग मैदान पर टीम के अभ्यास सत्र के इतर संवाददाताओं से कहा कि जेडन ग्रुप चरण के लिए यहां पहुंच गया है और हमारा ध्यान अब इसी (ग्रुप चरण) पर है.

इधर, सबसे पहले यहां पहुंचने के बावजूद चिली की अंडर-17 टीम के खिलाड़ी अब तक कोलकाता की तेज गर्मी और उमस से सामंजस्य नहीं बैठा पाए हैं, जो आगामी अंडर 17 विश्व कप के उनके अभियान में समस्या पैदा कर सकता है. चिली के ग्रुप की अन्य टीमें मैक्सिको, इंग्लैंड और इराक हैं.चिली की अंडर 17 टीम के फारवर्ड विलियम गामा और डिएगो वेलेंसिया ने कहा कि वे आठ अक्तूबर को इंग्लैंड के खिलाफ टीम के पहले ग्रुप मैच से पहले हालात के अनुकूल ढलने का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं.

कोलकाता में मैच के दौरा 600 से अधिक बसें सेवाएं देंगी

कोलकाता : पश्चिचम बंगाल के परिवहन मंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि कोलकाता में आठ अक्तूबर से शुरू हो रहे फीफा अंडर 17 विश्व कप मैचों के दौरान कम से कम 600 बसों को सेवा में लगाया जाएगा जिसमें 430 वातानुकूलित बसें भी शामिल होंगी. अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूबीटीसी) अपनी 480 बसें सेवा में लगायेगा, जबकि ऐप कैब सेवा प्रदाता ओला को शहर के विभिन्न हिस्सों से मैच के दिन साल्ट लेक स्टेडियम के लिए 130 बसें चलाने का परमिट दिया गया है.

मैक्सिको की टीम विश्व कप के लिए भारत पहुंची

कोलकाता. दो बार की चैम्पियन मैक्सिको की टीम फीफा अंडर-17 विश्व कप में भाग लेने के लिए स्पेन से बुधवार को यहां पहुंची. स्पेन में टीम ने टूर्नामेंट पूर्व अनुकूलन शिविर में भाग लिया. टीम के 21 खिलाड़ियों के साथ 16 सहयोगी सदस्य भी यहां पहुंचे है, जिसमें मुख्य कोच मारियो आर्टेगा भी शामिल हैं. ग्रुप एफ में मैक्सिको अपने अभियान की शुरुआत आठ अक्तूबर को एशियाई चैंपियन इराक के खिलाफ करेगा. इस ग्रुप में इंग्लैंड और चिली की टीम भी हैं.

ग्रुप एफ की बाकी तीनों टीमें पहले ही यहां पहुंच चुकी हैं. पिछले अंडर 17 विश्व कप में सेमीफाइनल का सफर तय करने वाला मैक्सिको इस टूर्नामेंट के इतिहास में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. उसने 2005 में पेरु और 2011 में अपने घर में इस खिताब को जीता है.2013 में टीम उपविजेता रही थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >