साक्षी और विनेश विश्व कुश्ती चैंपियनशिप से बाहर

पेरिस : ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में गुरुवार को यहां पहले दौर में बाहर हो गयी, जबकि विनेश फोगाट भी प्री क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पायी, जिससे भारतीयों का इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा. पहले तीन दिन की निराशा के बाद सभी निगाहें साक्षी और […]

पेरिस : ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में गुरुवार को यहां पहले दौर में बाहर हो गयी, जबकि विनेश फोगाट भी प्री क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पायी, जिससे भारतीयों का इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा.

पहले तीन दिन की निराशा के बाद सभी निगाहें साक्षी और विनेश पर टिकी थी, लेकिन दोनों अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी. साक्षी को महिलाओं के 60 किग्रा भार वर्ग में जर्मनी की लुइसा नीमेस्च ने हराया, जबकि दो बार की जूनियर विश्व चैंपियन अमेरिकी पहलवान विक्टोरिया एंथनी ने 48 किग्रा में विनेश फोगाट का चित किया. यह विनेश के लिए शर्मनाक हार थी, जो रियो ओलिंपिक की यहां भरपाई करना चाहती थी.

इससे पहले विनेश ने क्वालीफाइंग दौर में उक्रेन की ओकसाना लिवाच को हराया था. भारत की दो अन्य पहलवान शीतल तोमर (53 किग्रा) और नवजोत कौर (69 किग्रा) भी टूर्नामेंट से बाहर हो गयी है. नवजोत को मंगोलिया की ओचिरबात नसानबुर्मा के हाथों 5-10 से हार झेलनी पड़ी, जबकि अनजान पहलवान शीतल ने शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की जेसिका मैकबेन को 10-0 से हराया, लेकिन वह यह प्रदर्शन आगे भी जारी नहीं रख पायी और रोमानिया की इस्तारा डोब्रे से 2-4 से हार गयी.
साक्षी से काफी उम्मीदें की जा रही थी, जो पिछले साल रियो में ओलिंपिक पदक जीतनेवाली पहली भारतीय महिला पहलवान बनी थी, लेकिन आज वह अपने से कम रैंकिंग की पहलवान को अच्छी चुनौती भी नहीं दे पायी. साक्षी ने ओलिंपिक 58 किग्रा में कांस्य पदक जीता था, लेकिन हाल में उन्होंने 60 किग्रा में खेलना शुरू कर दिया था. उन्होंने एशियाई चैंपियनशिप में इस भार वर्ग में रजत पदक जीता था. भारत की उम्मीदें अब पुरुष फ्रीस्टाइल पहलवानों पर टिकी हैं, जिनमें एशियाई चैंपियन बजरंग पूनिया (65 किग्रा) और ओलिंपियन संदीप तोमर (57 किग्रा) को पदक का दावेदार माना जा रहा है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >