Mumbai Indians: मुंबई इंडियंस (MI) के 2027 आईपीएल सीजन की तैयारियों को लेकर हलचल तेज हो गई है. फ्रेंचाइजी इस बार बड़े पैमाने पर बदलाव के बजाय अपने मौजूदा ढांचे में निरंतरता बनाए रखने के पक्ष में नजर आ रही है. हालांकि, कप्तानी और हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह साफ नहीं है. वहीं मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने अगले सीजन तक टीम के साथ बने रहने की संभावना है. पूर्व कप्तान रोहित शर्मा की भूमिका भी टीम की अगली रणनीति में अहम मानी जा रही है.
महेला जयवर्धने के बने रहने की संभावना
मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने के अगले सीजन में भी टीम के साथ बने रहने की संभावना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयवर्धने ने 2024 में फ्रेंचाइजी के साथ ‘दो प्लस एक’ साल का करार किया था. ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन्हें 2027 सीजन के लिए एक और साल का मौका देने पर विचार कर सकता है. इस संबंध में अगले महीने आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही है. हालांकि, अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी के मैनेजमेंट पर निर्भर करेगा और आखिरी समय में बदलाव की संभावना से पूरी तरह इनकार नहीं किया जा सकता.
हार्दिक पांड्या के ट्रेड पर अब भी सस्पेंस
मुंबई इंडियंस के सामने सबसे बड़ा सवाल हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर है. पिछले सीजन टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था और पूरे सीजन में उसे सिर्फ चार जीत मिली थीं. इसके बाद हार्दिक के संभावित ट्रेड को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं. रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ फ्रेंचाइजियों ने हार्दिक में दिलचस्पी दिखाई है और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ संभावित ट्रेड को लेकर बातचीत की चर्चा भी सामने आई है. हालांकि, अभी तक कोई ठोस डील सामने नहीं आई है. मुंबई के लिए सबसे बड़ी चुनौती ऐसा ट्रेड ढूंढना है, जिसमें उसे अपनी जरूरत के मुताबिक खिलाड़ी मिल सके.
वहीं ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन का नाम भी संभावित विकल्प के तौर पर चर्चा में आया है. हालांकि, मुंबई का टीम मैनेजमेंट उनके वर्कलोड को लेकर चिंतित बताया जा रहा है, क्योंकि ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट कैलेंडर काफी व्यस्त रहने वाला है. चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ संभावित ट्रेड की चर्चा भी हो सकती है, लेकिन वहां किसी भी तरह की बातचीत आगे बढ़ने से पहले फ्रेंचाइजी को अपने नए हेड कोच को लेकर फैसला करना होगा.
पांड्या को MI में ही बनाए रख सकती है फ्रेंचाइजी
हार्दिक पांड्या का ट्रेड होना अभी तय नहीं माना जा रहा है. घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मुंबई इंडियंस उन्हें खिलाड़ी के तौर पर अपने साथ बनाए रखने के विकल्प पर भी विचार कर रही है और इस दिशा में खिलाड़ी के साथ बातचीत हुई है. दरअसल, ट्रेड को अंतिम रूप देने के लिए कई चीजों का एक साथ सही बैठना जरूरी है. ऐसे में हार्दिक को सीधे किसी दूसरी टीम में भेजना मुंबई के लिए आसान फैसला नहीं होगा.
हालांकि, अगर हार्दिक टीम में बने रहते हैं तो भी उनकी कप्तानी को लेकर स्थिति बदल सकती है. फ्रेंचाइजी नए कप्तान के साथ आगे बढ़ने के विकल्प पर विचार कर रही है. इससे टीम को ड्रेसिंग रूम में नई शुरुआत करने का मौका मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: Lionel Messi Retirement: इलाज के लिए पैसे जुटाना भी था मुश्किल, फिर एक पेपर नैपकिन ने बदल दी मेसी की किस्मत
कप्तानी पर रोहित शर्मा की भूमिका अहम
मुंबई इंडियंस की अगली कप्तानी को लेकर रोहित शर्मा की राय भी महत्वपूर्ण हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व कप्तान टीम की भविष्य की रणनीति और कप्तानी से जुड़ी चर्चाओं में सक्रिय रूप से शामिल हैं. रोहित को दोबारा कप्तानी सौंपने का विकल्प भी चर्चा में रहा है, लेकिन 39 वर्षीय बल्लेबाज के खुद फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के इच्छुक नहीं होने की बात सामने आई है. ऐसे में टीम के सामने तिलक वर्मा और जसप्रीत बुमराह जैसे विकल्प मौजूद हैं. फिलहाल तिलक वर्मा का नाम कप्तानी की रेस में आगे माना जा रहा है. अगर ऐसा होता है तो मुंबई इंडियंस के लिए यह एक नए नेतृत्व युग की शुरुआत होगी.
सूर्यकुमार यादव पर MI का भरोसा कायम
हार्दिक पांड्या के अलावा सूर्यकुमार यादव को लेकर भी पिछले कुछ समय से चर्चा होती रही है. हालांकि, मुंबई इंडियंस अपने अनुभवी बल्लेबाज को टीम से अलग करने के मूड में नहीं है. पिछले सीजन सूर्यकुमार का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था, लेकिन फ्रेंचाइजी एक खराब सीजन के आधार पर लंबे समय से जुड़े खिलाड़ी पर फैसला लेने के पक्ष में नहीं दिख रही है. मुंबई की ‘वन फैमिली’ सोच के तहत टीम अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहती है. ऐसे में सूर्यकुमार के 2027 सीजन में भी टीम का हिस्सा बने रहने की संभावना मजबूत नजर आती है.
