Moises Henriques: ऑस्ट्रेलिया के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल चुके ऑलराउंडर मोइसेस हेनरिक्स ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का पहला शतक लगा दिया है. खास बात यह है कि उनकी यह सेंचुरी ऑस्ट्रेलिया की ओर से नहीं, बल्कि पुर्तगाल की टीम के लिए आई है. हेनरिक्स इन दिनों पुर्तगाल के लिए टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं और उन्होंने चेक रिपब्लिक के खिलाफ शानदार पारी खेलकर टीम को बड़ी जीत दिलाई.
51 गेंदों में ठोक दिए 111 रन
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप सब रीजनल यूरोप क्वालीफायर सी में पुर्तगाल का मुकाबला चेक रिपब्लिक से हुआ. पहले बल्लेबाजी करते हुए पुर्तगाल ने 20 ओवर में 211 रन बनाए. इसमें सबसे बड़ा योगदान हेनरिक्स का रहा. उन्होंने सिर्फ 51 गेंदों में 111 रन ठोक दिए.
इसे भी पढ़े- नीरज चोपड़ा के सामने फिर कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन पथिरागे, दांव पर डायमंड लीग फाइनल का टिकट
48 गेंदों में पूरा किया शतक
हेनरिक्स ने अपनी पारी के दौरान 12 चौके और 7 छक्के लगाए. यानी उन्होंने 90 रन सिर्फ बाउंड्री से ही बना डाले. उन्होंने 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो पुर्तगाल के लिए टी20 इंटरनेशनल में दूसरा सबसे तेज शतक है.
क्रिस्टोफर डी फ्रीटास का रिकॉर्ड बरकरार
पुर्तगाल के लिए सबसे तेज टी20 इंटरनेशनल शतक का रिकॉर्ड क्रिस्टोफर डी फ्रीटास के नाम है. उन्होंने इसी साल नॉर्वे के खिलाफ महज 43 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी. उसी मुकाबले में क्रिस्टोफर ने 125 रन की पारी खेली थी, जो पुर्तगाल के लिए सबसे बड़ी टी20 इंटरनेशनल पारी है. हेनरिक्स की 111 रन की पारी इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है.
बारिश ने चेक रिपब्लिक की उम्मीदें तोड़ीं
212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेक रिपब्लिक की शुरुआत बेहद खराब रही. बारिश के कारण खेल रुकने तक टीम 8.5 ओवर में सिर्फ 24 रन बना सकी और उसके 5 विकेट गिर चुके थे. इसके बाद डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम के तहत पुर्तगाल को 91 रन से विजेता घोषित कर दिया गया.
इसे भी पढ़े- भारत-बांग्लादेश सीरीज होगी या टलेगी? BCB अध्यक्ष के बयान से बढ़ी चिंता
