Mitchell Starc: 10 विकेट लेकर अश्विन-वॉस को छोड़ा पीछे; टॉप-10 से सिर्फ 6 विकेट दूर

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 10 विकेट लेकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है. इस प्रदर्शन से उन्होंने रविचंद्रन अश्विन और चामिंडा वास जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है. स्टार्क ने टेस्ट क्रिकेट में भी डेल स्टेन को पीछे छोड़ा, जिससे उनकी ख्याति और बढ़ी है.

Mitchell Starc New Record : ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ मैके में खेले गए दूसरे टेस्ट में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे सफल गेंदबाजों की सूची में और ऊपर पहुंचा दिया. स्टार्क ने मैच में कुल 10 विकेट लेकर बांग्लादेश की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारत के रविचंद्रन अश्विन और श्रीलंका के चामिंडा वास को पीछे छोड़ दिया है.

Mitchell Starc: पहली पारी में 6 विकेट, दूसरी पारी में भी बरपाया कहर

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. स्टार्क ने पहली ही गेंद से अपना असर दिखाया और बांग्लादेश के बल्लेबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया. उन्होंने शुरुआती सात ओवरों के अंदर ही पांच विकेट अपने नाम कर लिए. बांग्लादेश का स्कोर एक समय 12 रन पर 5 विकेट हो गया था. स्टार्क ने पहली पारी में 10 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 12 रन देकर 6 विकेट झटके. उनके अलावा कप्तान पैट कमिंस ने तीन विकेट लिए. बांग्लादेश की पूरी टीम 64 रन पर सिमट गई. दूसरी पारी में भी स्टार्क की रफ्तार और स्विंग का जवाब बांग्लादेशी बल्लेबाजों के पास नहीं था. उन्होंने 39 रन देकर चार विकेट लिए. इस तरह मैच में स्टार्क के खाते में कुल 10 विकेट आए.

Mitchell Starc: अश्विन और चामिंडा वास को छोड़ा पीछे

10 विकेट के इस प्रदर्शन के साथ स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटों के मामले में रविचंद्रन अश्विन और चामिंडा वास को पीछे छोड़ दिया है. स्टार्क ने अब तक 302 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 771 विकेट हासिल किए हैं. उनके नाम 28 बार पांच विकेट और चार बार 10 विकेट लेने का कारनामा है. वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में फिलहाल 11वें स्थान पर हैं. अश्विन के नाम 287 मैचों में 765 और चामिंडा वास के नाम 439 मैचों में 761 विकेट हैं. अब स्टार्क के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की ऑल टाइम टॉप-10 सूची में शामिल होने का भी मौका है. न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज टिम साउदी के नाम 776 विकेट हैं. यानी स्टार्क उनसे सिर्फ 6 विकेट पीछे हैं.

Mitchell Starc: टेस्ट क्रिकेट में भी डेल स्टेन को पीछे छोड़ा

स्टार्क ने बांग्लादेश के खिलाफ पहली पारी में छह विकेट लेने के दौरान टेस्ट क्रिकेट में भी एक बड़ा मुकाम हासिल किया. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन को पीछे छोड़ते हुए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली.

Mitchell Starc: बांग्लादेश को दोनों पारियों में 100 के अंदर रोका

दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की गेंदबाजी पूरी तरह हावी रही. बांग्लादेश पहली पारी में सिर्फ 64 रन बना सका, जबकि दूसरी पारी में भी उसकी टीम 95 रन पर ऑलआउट हो गई. दूसरी पारी में स्टार्क ने चार विकेट लिए. पैट कमिंस ने सिर्फ 10 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि नाथन लायन को भी तीन सफलता मिलीं. बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 31 रन बनाए और मुशफिकुर रहीम 29 रन बनाकर नाबाद रहे, लेकिन इसके बावजूद टीम ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर नहीं टिक सकी.

Also Read: Cheteshwar Pujara World Test XI: 5 भारतीयों को मिली जगह, जानें किन-किन दिग्गजों को किया शामिल

Mitchell Starc: शोरिफुल ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को भी परेशान किया

ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी हालांकि इस मैच में भी पूरी तरह आश्वस्त नहीं कर सकी. पहली पारी में टीम ने 41 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद स्टीव स्मिथ और कैमरन ग्रीन ने 77 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला. ग्रीन ने 67 रन बनाए, जबकि नाथन लायन ने 32 रन की उपयोगी पारी खेली. इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 210 रन पर आउट हो गई और उसे पहली पारी में 146 रन की बढ़त मिली. बांग्लादेश के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम ने 7 विकेट लेकर इतिहास रच दिया. वह विदेशी जमीन पर टेस्ट पारी में सात विकेट लेने वाले बांग्लादेश के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बन गए.

Mitchell Starc: स्टार्क बने प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज

शानदार प्रदर्शन के लिए स्टार्क को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने चार पारियों में कुल 12 विकेट लेकर प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी अपने नाम किया. पहले टेस्ट में मिली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे मुकाबले में गेंद से जिस तरह वापसी की, वह टीम के लिए बड़ी राहत है. हालांकि, बल्लेबाजी में अभी भी कई सवाल बने हुए हैं. अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया को इस कमजोरी पर काम करना होगा.

Also Read: IND vs SL 2nd Test: शुभमन गिल ने पूरे किए 3000 टेस्ट रन, बने 28वें भारतीय; लंच तक भारत 88/2


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >