IPL 2026: लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हरा दिया है. इस हार के बाद चेन्नई के लिए प्लेऑफ में जगह बनाने की उम्मीदें लगभग खत्म हो गई हैं. इस मैच में लखनऊ के सलामी बल्लेबाज मार्श शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते नजर आए .
आईपीएल 2026 के 59वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के ओपनर मिचेल मार्श ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से तबाही मचा दी. चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 188 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम को मार्श ने विस्फोटक शुरुआत दिलाई. मैदान के हर कोने में उन्होंने चौके-छक्के लगाए, लेकिन फिर भी वह सेंचुरी (शतक) बनाने से चूक गए. इस दौरान वह नॉन-स्ट्राइक एंड पर खड़े-खड़े बदकिस्मती का शिकार हो गए और उनकी इस तूफानी पारी का अंत बेहद निराशजनक अंदाज में हुआ.
इस तरह आउट हुए मार्श
दरअसल, पारी के 12वें ओवर की अंतिम गेंद पर एक अजीब वाकया हुआ. मुकेश चौधरी की फुल लेंथ गेंद पर निकोलस पूरन ने एक जोरदार स्ट्रेट ड्राइव लगाया. बदकिस्मती से गेंद सीधे नॉन-स्ट्राइकर छोर के स्टंप्स की तरफ जा रही थी और मिचेल मार्श क्रीज से थोड़ा बाहर निकल चुके थे. इसी बीच गेंदबाज मुकेश ने फुर्ती दिखाते हुए उछलकर गेंद को उंगली से छू दिया, जिससे गेंद सीधे विकेटों में जा घुसी. मार्श को संभलने और क्रीज में वापस आने का मौका ही नहीं मिला और इस तरह एक दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट के साथ उनकी तूफानी पारी का अंत हो गया.
मार्श की तुफानी पारी
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मिचेल मार्श का ऐसा तूफान आया कि चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज असहाय नजर आए. मार्श ने चेन्नई के गेंदबाज की जमकर क्लास लगाते हुए महज 38 गेंदों में 90 रन कूट दिए. हालांकि, वह अपने शतक से सिर्फ 10 रन दूर रह गए। उनकी इस आतिशी पारी में 9 गगनचुंबी चौके और 7 छक्के शामिल रहे. इतना ही नहीं, उन्होंने जॉश इंग्लिस के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 135 रनों की मजबूत साझेदारी की, जिसने लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत की राह बेहद आसान कर दी. लेकिन अफसोस, जब वह अपने शतक के बिल्कुल करीब थे, तब एक दुर्भाग्यपूर्ण रन आउट ने उनकी इस पारी का अंत कर दिया.
