पेरिस ओलंपिक के बाद रिटायर होने वाली थीं लवलीना, लेकिन फिर इस वजह से टाल दिया फैसला

Lovlina Borgohain: टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन ने पेरिस ओलंपिक के बाद संन्यास लेना चाहती थीं. लेकिन अब अपनी अकादमी पर ध्यान देने के बाद वह विश्व चैंपियनशिप से वापसी करेंगी. असम की यह मुक्केबाज अगले ओलंपिक में दूसरा पदक जीतने का लक्ष्य रखती हैं.

Lovlina Borgohain: लवलीना बोरगोहेन ने अपनी अकादमी पर ध्यान केंद्रित करने के लिए मुक्केबाजी से संन्यास लेने पर विचार किया था, लेकिन पेरिस ओलंपिक खेलों में पदक से चूकने के बाद उन्होंने यह फैसला टाल दिया. असम की यह मुक्केबाज आगामी विश्व चैंपियनशिप से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वापसी करने के लिए तैयार है और उनका लक्ष्य ओलंपिक में दूसरा पदक जीतना है. टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता लवलीना पिछले साल अगस्त में पेरिस ओलंपिक खेलों के बाद से अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से दूर हैं. रिंग से दूर रहने के दौरान उन्होंने अपनी अकादमी स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित किया, जिसका उद्घाटन जून में गुवाहाटी में हुआ.

लवलीना ने पीटीआई से कहा, ‘‘जब मैंने अपनी अकादमी शुरू करने के बारे में सोचा तो मैंने पेरिस ओलंपिक तक खेलने की योजना बनाई थी और उसके बाद मैं संन्यास ले सकती थी लेकिन पेरिस में नतीजा वैसा नहीं रहा जैसा मैंने सोचा था. अगर मैं वहां पदक जीत लेती तो खेल को अलविदा कह सकती थी.’’ फ्रांस की राजधानी में 27 वर्षीय लवलीना लगातार दूसरा ओलंपिक पदक जीतने के बेहद करीब पहुंच गई थी, लेकिन महिला मिडिलवेट (75 किग्रा) वर्ग के क्वार्टर फाइनल में चीन की चैंपियन ली कियान से हार गई.

2028 लॉस एंजेल्स ओलंपिक होगा आखिरी?

लवलीना से जब पूछा गया कि क्या 2028 में होने वाले ओलंपिक खेल उनका आखिरी टूर्नामेंट हो सकता है, उन्होंने कहा, ‘‘हां ऐसा संभव है. मैं पेरिस ओलंपिक में भी स्वर्ण पदक जीत सकती थी, क्योंकि पोडियम तक पहुंचने वाली सभी खिलाड़ियों को मैं पहले हरा चुकी थी. जिससे मेरे खेल के स्तर का पता चलता है. मैं ओलंपिक पदक जीत सकती हूं.’’

विश्व चैंपियनशिप से करेंगी वापसी

लवलीना चार सितंबर से लिवरपूल में शुरू होने वाली विश्व चैंपियनशिप में भाग लेगी लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि इस प्रतियोगिता के लिए उन्होंने सीमित तैयारी की है. उन्होंने कहा, ‘‘मैं लंबे ब्रेक के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने जा रही हूं. मुझे तैयारी के लिए केवल एक महीने का समय मिला है, इसलिए मैं अपनी सहनशक्ति और ताकत पर भी काम कर रही हूं.’’

ये भी पढ़ें:-

IPL में इन 5 बदलावों को चाहते हैं आकाश चोपड़ा, कहा- आ गए तो स्वैग अलग हो जाएगा और बढ़ जाएगा रोमांच

World Badminton Championship: भारत का सफर खत्म, सात्विक-चिराग सेमीफाइनल में हारे, कांस्य पदक से संतोष

नितीश राणा ने दिग्वेश राठी से विवाद पर तोड़ी चुप्पी, कहा- अगर कोई मुझे उकसाता है या मेरे सामने

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >