India vs Japan T20I: भारत के खिलाफ बारिश से प्रभावित पांच ओवर के रोमांचक टी20 मुकाबले में जापान को भले ही 2 रन से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम के कप्तान केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से काफी खुश हैं. मैच के बाद उन्होंने कहा कि जापान ने दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम को आखिरी गेंद तक चुनौती दी और इस प्रदर्शन पर पूरी टीम को गर्व है.
सैनो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 32 रन बनाए और 4 विकेट गंवाए. जापान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को कड़ी टक्कर दी, लेकिन आखिरी ओवर में अक्षर पटेल ने 8 रन का बचाव करते हुए भारत को 2 रन से जीत दिला दी. यह मुकाबला दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया गया था.
'दुनिया की बेस्ट टीम को आखिरी गेंद तक ले गए'
मैच के बाद जापान के कप्तान केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग ने कहा कि भारत को आखिरी गेंद तक मुकाबले में बनाए रखना उनकी टीम के लिए गर्व की बात है.
उन्होंने कहा, 'हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीम को आखिरी गेंद तक ले गए. इस पूरे क्रिकेट ग्रुप और हमारे साथ खड़े व्यापक समुदाय पर गर्व है. मैदान पर काम करने वाले लोगों ने पूरी रात मेहनत करके यह मैच संभव बनाया. इसलिए मुझे सिर्फ टीम पर नहीं, बल्कि पूरे क्रिकेट समुदाय पर गर्व है.'
उन्होंने आगे कहा,'हमें पता था कि अक्षर और बिश्नोई के खिलाफ खेलना चुनौतीपूर्ण होगा. लेकिन जब आपको 6.5 रन प्रति ओवर की जरूरत होती है, तो आपका दिमाग अलग-अलग संभावनाओं के बारे में सोचने लगता है. कुछ पल ऐसे हैं, जो लंबे बस सफर के दौरान हमारे दिमाग में जरूर आएंगे. लेकिन आखिर में यह गर्व की भावना है.'
ये भी पढ़ें: Colin Ingram Retirement: 41 साल की उम्र में साउथ अफ्रीकी दिग्गज का संन्यास, अब इस नई भूमिका में आएंगे नजर
भारत ने बनाए थे 32 रन
बारिश के कारण मुकाबले को पांच-पांच ओवर का कर दिया गया था. जापानी गेंदबाजों ने सैनो की धीमी पिच का अच्छा फायदा उठाया और भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
भारत की ओर से कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 16 रन बनाए. जापान के चार्ली हारा-हिन्जे ने दो विकेट लिए, जबकि इब्राहिम ताकाहाशी को एक सफलता मिली. अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हुए, जबकि संजू सैमसन और ईशान किशन भी जल्दी पवेलियन लौट गए. भारत ने 5 ओवर में 32/4 का स्कोर बनाया.
आखिरी ओवर तक पहुंचा मुकाबला
33 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने 7 रन पर दो विकेट गंवा दिए. इसके बाद कप्तान काडोवाकी-फ्लेमिंग और बेंजामिन इटो-डेविस ने पारी को संभाला. चौथे ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने काडोवाकी-फ्लेमिंग को 12 रन पर आउट कर दिया. इसके बाद जापान को आखिरी 6 गेंदों में 8 रन की जरूरत थी. अक्षर पटेल ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए जापान को 30/3 तक ही रोक दिया और भारत ने मुकाबला 2 रन से अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें: India Vs Japan T20I: आखिरी ओवर में अंपायर के फैसले पर क्यों छिड़ी बहस? जानें क्या कहता है ICC का नियम
