रांची में धोनी के पड़ोसी बनेंगे ईशान किशन, दलादली में नए आशियाने की तैयारी शुरू

Ishan Kishan: रांची के खेल प्रेमियों के लिए एक दिलचस्प खबर है. युवा स्टार क्रिकेटर ईशान किशन अब 'कैप्टन कूल' महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोस में रहने जा रहे हैं. नगड़ी अंचल के दलादली में ईशान के नए आलीशान घर को बनाने का काम शुरू कर दिया गया है.

Ishan Kishan: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी ईशान किशन जल्द ही पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं. रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (RRDA) ने दलादली चौक स्थित धोनी के फार्म हाउस के पास ईशान किशन की 11 मंजिला इमारत के नक्शे को मंजूरी दे दी है. नक्शा पास होने के साथ ही इस बहुमंजिला आशियाने के निर्माण की तैयारियां तेज हो गई हैं.

RRDA से मिली मंजूरी

भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन के नए आशियाने के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार ने उनके बहुमंजिला भवन के नक्शे को आधिकारिक मंजूरी दे दी है. यह भव्य इमारत नगड़ी अंचल के मौजा दलादली में रिंग रोड के ठीक किनारे बनेगी. प्राधिकार ने खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या-515 की कुल 75 डिसमिल जमीन पर 11 मंजिला बिल्डिंग के निर्माण प्लान को हरी झंडी दी है.

चार साल पहले हुआ था भूमि पूजन

दिसंबर 2022 में क्रिकेटर ईशान किशन ने अपनी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी ‘शगुन ईशान इंफ्रा’ के तहत 75 डिसमिल जमीन पर भूमि पूजन किया था. यह प्रोजेक्ट रांची में महेंद्र सिंह धोनी के घर के पास बन रहा है, जिससे ईशान अब धोनी के पड़ोसी बन जाएंगे. इस प्रोजेक्ट में सिर्फ एक ब्लॉक की सोसाइटी बनेगी, जिसमें काफी लग्जरी सुविधाएं होंगी.

प्ले ग्राउंड तक की सुविधा

क्रिकेटर ईशान किशन के नए रियल एस्टेट प्रोजेक्ट के स्वीकृत नक्शे में लग्जरी सुविधाओं की भरमार है. इस प्रोजेक्ट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि इसमें ओपन स्पेस (खुला क्षेत्र) ज्यादा रहे, जिससे बिल्डिंग को एक बेहतरीन फ्रंट लुक मिले. सोसाइटी के भीतर ही निवासियों को स्विमिंग पूल, जिम, प्ले ग्राउंड, इंडोर गेम्स, खूबसूरत गार्डन, कम्युनिटी हॉल, गेस्ट हाउस के साथ-साथ सैलून, मेडिकल और डिपार्टमेंटल स्टोर जैसी प्रीमियम सुविधाएं मिलेंगी.

धोनी के कारण बढ़ी जमीन की मांग

गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी का फार्म हाउस बनने के बाद से ही रांची का दलादली और रिंग रोड इलाका चर्चा में था. लेकिन अब ईशान किशन के इस कदम से यह क्षेत्र तेजी से एक बड़े कॉमर्शियल जोन में तब्दील हो रहा है. इसका सीधा असर यहाँ की जमीनों की कीमतों पर पड़ा है. आज की स्थिति यह है कि मुख्य सड़क के किनारे प्लॉट उपलब्ध ही नहीं हैं, और अंदरूनी इलाकों में भी जमीन के भाव 10 लाख रुपये प्रति डिसमिल के पार पहुंच चुके हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >