गॉल में तिरंगा, दिल में देशभक्ति... 600वें टेस्ट से पहले टीम इंडिया ने मनाया स्वतंत्रता दिवस

भारत अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रहा है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर टीम इंडिया ने गॉल में तिरंगा फहराकर खास अंदाज में जश्न मनाया. यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है.

Ind vs Sl Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले टीम इंडिया ने देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस खास अंदाज में मनाया. गॉल में भारतीय टीम ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान और देशभक्ति के माहौल के बीच इस खास दिन को सेलिब्रेट किया. बीसीसीआई ने इस समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें मुख्य कोच गौतम गंभीर, कप्तान शुभमन गिल और टीम के बाकी खिलाड़ी तिरंगे के सामने नजर आए.

600वें टेस्ट से पहले तिरंगे को सलाम

भारतीय टीम के लिए इस बार स्वतंत्रता दिवस का महत्व और भी बढ़ गया है. 15 अगस्त को श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरते ही भारत अपना 600वां टेस्ट मैच खेलेगा. इसके साथ ही भारत इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद 600 टेस्ट खेलने वाली दुनिया की तीसरी टीम और ऐसा करने वाली पहली एशियाई टीम बन जाएगा. बीसीसीआई ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पहले टेस्ट से पहले टीम इंडिया गॉल में तिरंगा फहराने के लिए एकजुट हुई.

गिल के लिए भी बेहद खास मौका

600वें टेस्ट में भारत की कप्तानी करना शुभमन गिल के लिए भी यादगार मौका है. टेस्ट कप्तान ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश के लिए किसी भी टेस्ट मैच में कप्तानी करना बड़े सम्मान की बात है, लेकिन 600वें टेस्ट और स्वतंत्रता दिवस के दिन टीम की अगुआई करना इसे और खास बना देता है.

गिल ने कहा कि 'अपने देश के 600वें टेस्ट मैच में नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य है. स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा करना हमारे लिए और भी खास है.'

WTC फाइनल पर भी नजर

श्रीलंका के खिलाफ यह सीरीज भारत के लिए सिर्फ ऐतिहासिक उपलब्धि तक सीमित नहीं है. दोनों टेस्ट विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण हैं. भारत फिलहाल WTC अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है. टीम ने नौ टेस्ट में चार जीत, चार हार और एक ड्रॉ हासिल किया है. गिल ने कहा कि अगले साल होने वाले WTC फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को बाकी बचे मुकाबलों में करीब छह से सात जीत दर्ज करनी होंगी. उन्होंने कहा कि इसी वजह से श्रीलंका के खिलाफ सीरीज टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और खिलाड़ियों ने इसके लिए सही तरीके से तैयारी की है.

Also Read: लॉर्ड्स में 15 अगस्त का वो ऐतिहासिक दिन, जब बुमराह-शमी की जोड़ी ने पलट दिया था पूरा मैच

श्रीलंका भी दांव पर लगाएगा पूरी ताकत

मेजबान श्रीलंका भी WTC अंक तालिका में छठे स्थान पर है. ऐसे में उसके लिए भी दोनों टेस्ट काफी अहम होंगे. गॉल में स्पिन को मिलने वाली मदद को देखते हुए मुकाबले में गेंदबाजों की भूमिका निर्णायक हो सकती है.

भारत की प्लेयिंग 11: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा.

श्रीलंका की प्लेयिंग 11: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस, दिनेश चांदीमल, सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवंथा, असिथा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा.

Also Read: आजादी के जश्न के बीच भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर जीती थी वनडे सीरीज, कोहली ने जड़ा था 43वां शतक


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >