हरारे में फिर गेंदबाजों का रहेगा जलवा या बल्लेबाज दिखाएंगे दम? जानें पिच रिपोर्ट, रिकॉर्ड और हेड टू हेड

भारत और जिम्बाब्वे के बीच दूसरा टी20 मुकाबला हरारे में खेला जाएगा. पहले मैच में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की थी. अब दूसरे टी20 से पहले हरारे की पिच कैसी रहेगी, क्या गेंदबाजों को मदद मिलेगी या बल्लेबाज हावी होंगे, जानें सब कुछ.

IND vs ZIM Pitch Report, 2nd T20I: भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (25 जुलाई) को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा. पहले टी20 में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी. अब भारतीय टीम की नजरें दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होंगी, जबकि मेजबान टीम वापसी कर सीरीज को अंतिम मैच तक ले जाने की कोशिश करेगी. ऐसे में मुकाबले से पहले हर किसी की नजर हरारे की पिच पर रहेगी.

हरारे की पिच रिपोर्ट

हरारे स्पोर्ट्स क्लब की पिच को आमतौर पर गेंदबाजों के लिए मददगार माना जाता है. खासकर नई गेंद से तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त उछाल और सीम मूवमेंट मिलती है, जिससे शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान नहीं होता. पहले टी20 मुकाबले में भी यही देखने को मिला, जब जिम्बाब्वे के बल्लेबाज भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए.

आसमान साफ रहने की संभावना

हालांकि, एक बार बल्लेबाज पिच पर जम जाए तो बड़े शॉट खेलना भी संभव है. भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पहले मैच में सिर्फ 19 गेंदों पर अर्धशतक जड़कर यह साबित किया कि सही शुरुआत मिलने पर इस विकेट पर तेजी से रन बनाए जा सकते हैं. मौसम विभाग के अनुसार मुकाबले के दौरान आसमान साफ रहने की संभावना है और तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहेगा. ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है, क्योंकि शुरुआती ओवरों में गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है.

हरारे स्पोर्ट्स क्लब के टी20I रिकॉर्ड

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में अब तक 76 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं. इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 39 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 35 मुकाबलों में सफलता मिली है. टॉस जीतने वाली टीम ने 40 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि टॉस हारने वाली टीम ने 34 मुकाबले जीते हैं. इस मैदान पर सर्वोच्च टीम स्कोर 259/5 रहा है, जबकि सबसे कम स्कोर 71 रन दर्ज है. वहीं सफल रन चेज का सबसे बड़ा स्कोर 194/5 है.

हेड टू हेड में भारत का दबदबा

भारत और जिम्बाब्वे के बीच अब तक 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं. इनमें भारतीय टीम ने 12 मैच जीते हैं, जबकि जिम्बाब्वे को सिर्फ 3 मुकाबलों में जीत मिली है. आंकड़े साफ तौर पर भारत के पक्ष में नजर आते हैं, लेकिन घरेलू परिस्थितियों में जिम्बाब्वे की टीम किसी भी विरोधी को चुनौती देने की क्षमता रखती है.

ये भी पढ़ें: IND vs ZIM Live Streaming: फ्री में कब, कहां और कैसे देखें भारत-जिम्बाब्वे का दूसरा टी20?

पहले मैच में भारत ने किया था एकतरफा प्रदर्शन

सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 20 ओवर में 125 रन पर रोक दिया था. मयंक यादव और प्रिंस यादव ने दो-दो विकेट झटके, जबकि शिवम दुबे और रवि बिश्नोई ने एक-एक सफलता हासिल की थी. इसके बाद 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सिर्फ 13.2 ओवर में तीन विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 19 गेंदों में 50 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर 28 रन बनाकर नाबाद लौटे. शानदार गेंदबाजी के लिए मयंक यादव को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. अब दूसरे टी20 में भी भारत अपनी जीत की लय बरकरार रखते हुए सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगा, जबकि जिम्बाब्वे वापसी कर मुकाबले को रोमांचक बनाने की पूरी कोशिश करेगा.

ये भी पढ़ें: 2 साल बाद फिर अपने पेस से किया सबको ​हैरान, इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी मैच में ही बने प्लेयर ऑफ द मैच


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhijeet Kumar

अभिजीत कुमार युवा पत्रकार हैं, जिन्हें खेल और खासकर क्रिकेट की दुनिया को करीब से समझने और उसकी अनकही कहानियों को पाठकों तक पहुंचाने का जुनून है. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में काम किया है.

वर्तमान में वह स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के लेखन, संपादन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी संभालते हैं. क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि आंकड़ों, रोमांच, संघर्ष और भावनाओं से जुड़ी कहानियों की दुनिया है. खिलाड़ियों के प्रदर्शन से लेकर मैदान के पीछे की दिलचस्प घटनाओं तक, वह हर कहानी को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में पेश करने की कोशिश करते हैं.

उनका मानना है कि एक अच्छी स्पोर्ट्स स्टोरी सिर्फ खबर नहीं बताती, बल्कि पाठक को उस पल का हिस्सा महसूस कराती है. यही सोच उनके लेखन की पहचान है और यही वजह है कि उनके आर्टिकल्स में खबर के साथ कहानी, संदर्भ और क्रिकेट का जुनून भी नजर आता है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >