जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के बावजूद भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ गई है. युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव हैमस्ट्रिंग चोट के कारण सीरीज के तीसरे और अंतिम टी20 मुकाबले से बाहर हो गए हैं. भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने मैच के बाद संकेत दिए कि चोट के चलते टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव देखने को मिल सकता है.
प्रिंस यादव दूसरे टी20 के दौरान अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद डालते समय ही चोटिल हो गए थे. वो हैमस्ट्रिंग के कारण मैदान से बाहर चले गए. इससे पहले वह दो विकेट हासिल कर चुके थे.
श्रेयस अय्यर ने दिए बदलाव के संकेत
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान श्रेयस अय्यर ने कहा,
दुर्भाग्य से हमारे एक खिलाड़ी को चोट लग गई है, इसलिए रविवार को होने वाले तीसरे मैच में आपको टीम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
चोटों से जूझ रही है टीम इंडिया
प्रिंस यादव को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में चोटिल हुए हर्षित राणा की जगह भारतीय टीम में शामिल किया गया था. अब अगर उनकी चोट गंभीर होती है तो उन्हें भी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के लिए भेजा जा सकता है. पिछले दो महीनों में भारतीय टीम लगातार चोटों से जूझ रही है और प्रिंस इस सूची में शामिल होने वाले नए खिलाड़ी हैं.
ईशान और तिलक की बल्लेबाजी से जीता भारत
दूसरे टी20 में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 219 रन बनाए. ईशान किशन ने 44 गेंदों में 81 रन, जबकि तिलक वर्मा ने नाबाद 60 रन की पारी खेली. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 129 रन पर सिमट गई और भारत ने 90 रन से जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.
मैच के बाद ईशान किशन ने कहा कि विकेट बल्लेबाजी के लिए आसान नहीं था और साझेदारी बनाना बेहद जरूरी था. उन्होंने कहा कि टीम ने परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी की, जिसका फायदा भारत को बड़े स्कोर के रूप में मिला.
ये भी पढ़ें: व्हाइट-बॉल में शर्मनाक प्रदर्शन पर BCCI सख्त, गंभीर और श्रेयस से मांगा जाएगा जवाब
