Prabath Jayasuriya: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में खिलाड़ियों पर ICC की कार्रवाई का सिलसिला जारी है. यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो के बाद अब श्रीलंका के स्पिनर प्रभात जयसूर्या पर भी आईसीसी ने एक्शन लिया है. ICC ने उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन का दोषी पाया है और उन्हें फटकार लगाई है. इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया है.
आउट होने के बाद बैट से मारा था बाउंड्री बोर्ड पर
यह घटना सोमवार (24 अगस्त) को टेस्ट के दिन का खेल खत्म होने के ठीक पहले हुई. जयसूर्या दिन की आखिरी गेंद पर आउट हुए थे. इसके बाद पवेलियन लौटते समय उन्होंने अपने बैट से बाउंड्री के बोर्ड पर प्रहार किया. ICC ने इसे क्रिकेट उपकरण, मैदान के उपकरण या अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान फिक्स्चर को नुकसान पहुंचाने से संबंधित नियम का उल्लंघन माना.
ICC की किस धारा का हुआ उल्लंघन?
जयसूर्या को ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अर्टिकल 2.2 के तहत दोषी पाया गया. यह नियम अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों, मैदान के उपकरण या फिक्स्चर एवं फिटिंग के दुरुपयोग से संबंधित है. यह 24 महीने की अवधि में जयसूर्या का पहला अपराध है.
ये भी पढ़ें: जायसवाल-फर्नांडो की लड़ाई पर ICC का फैसला, दोनों की मैच फीस कटी; मिला 1-1 डिमेरिट प्वाइंट
जयसूर्या ने स्वीकार की गलती
जयसूर्या ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट की ओर से दी गई सजा को भी स्वीकार कर लिया. इसलिए मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी. इस मामले में ऑन-फील्ड अंपायर अहसान रजा और शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, थर्ड अंपायर रॉड टकर और फोर्थ अंपायर प्रगीथ रामबुकवेला ने आरोप लगाया था.
कोलंबो टेस्ट में तीसरे खिलाड़ी पर कार्रवाई
जयसूर्या इस टेस्ट मैच में ICC की कार्रवाई झेलने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं. इससे पहले भारत के यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के असिथा फर्नांडो पर भी कार्रवाई की गई थी. दोनों पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया था और उनके खाते में एक-एक डिमेरिट प्वाइंट जोड़ा गया था.
जायसवाल-फर्नांडो के बीच हुआ था विवाद
भारत की पहली पारी के 17वें ओवर में यह विवाद हुआ था. असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को आउट किया था. इसके बाद जायसवाल फर्नांडो की ओर बढ़े और दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई. इसी दौरान फर्नांडो ने अपना सिर जायसवाल की ओर किया. जवाब में जायसवाल भी आगे की ओर झुके, जिसके बाद दोनों के सिर आपस में टकरा गए. इस घटना के बाद दोनों खिलाड़ियों पर ICC कोड ऑफ कंडक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी.
ये भी पढ़ें: 'आप नहीं जानते उसने क्या कहा...', श्रीलंकाई गेंदबाज को हेडबट करने पर यशस्वी जायसवाल ने तोड़ी चुप्पी
