Hockey World Cup 2026: भारत-पाकिस्तान मुकाबला कब? जानें तारीख और समय

हॉकी विश्व कप 2026 का आगाज 15 अगस्त से. जानें भारत का पहला मुकाबला कब, कहां और किसके साथ होगा. पूरी जानकारी यहां पाएं.

Hockey World Cup 2026: भारतीय हॉकी टीम एक बार फिर विश्व कप खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. भारत 15 अगस्त से शुरू हो रहे एफआईएच (इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन) हॉकी विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ करेगा. दोनों टीमों के बीच मुकाबला एमस्टेलवीन के वागेनर स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे खेला जाएगा. भारत के लिए यह टूर्नामेंट खास महत्व रखता है. टीम ने आखिरी बार 1975 में हॉकी विश्व कप का खिताब जीता था. ऐसे में 51 साल बाद भारतीय टीम की कोशिश दूसरे विश्व कप खिताब का इंतजार खत्म करने की होगी. हालांकि, भारत के सामने जर्मनी, बेल्जियम, नीदरलैंड्स, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और अर्जेंटीना जैसी मजबूत टीमें चुनौती पेश करेंगी.

15 अगस्त से शुरू होगा विश्व कप

एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक नीदरलैंड्स के अम्स्टेलवीन और बेल्जियम के वावरे में किया जाएगा. टूर्नामेंट में दुनिया की शीर्ष टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी. गत चैंपियन जर्मनी अपने खिताब का बचाव करने उतरेगा, जबकि मेजबान बेल्जियम और नीदरलैंड्स घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर खिताब जीतने की कोशिश करेंगे. भारत भी मजबूत दावेदारों में शामिल है और टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगा.

भारत का ग्रुप चरण में तीन बड़ी चुनौतियों से सामना

भारत को ग्रुप चरण में वेल्स, इंग्लैंड और पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है. टीम का पहला मुकाबला 15 अगस्त को वेल्स से होगा. इसके बाद 17 अगस्त को भारत का सामना इंग्लैंड से होगा, जबकि 19 अगस्त को पाकिस्तान के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबला खेला जाएगा.

भारत के ग्रुप स्टेज मुकाबले

  • 15 अगस्त: भारत vs वेल्स - शाम 4:30 बजे, वैगेनर स्टेडियन, अम्स्टेलवीन
  • 17 अगस्त: भारत vs इंग्लैंड - शाम 6:30 बजे, वैगेनर स्टेडियन, अम्स्टेलवीन
  • 19 अगस्त: पाकिस्तान vs भारत - शाम 6:30 बजे, वैगेनर स्टेडियन, अम्स्टेलवीन

भारतीय टीम के लिए पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा. वहीं इंग्लैंड के खिलाफ मैच भी ग्रुप में उसकी स्थिति तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है.

ग्रुप चरण में कई हाई-वोल्टेज मुकाबले

विश्व कप के शुरुआती दौर में भारत के अलावा कई बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे. 15 अगस्त को इंग्लैंड और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. इसी दिन गत चैंपियन जर्मनी का सामना मलेशिया से होगा, जबकि मेजबान बेल्जियम फ्रांस के खिलाफ अभियान शुरू करेगा. 16 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड, स्पेन और दक्षिण अफ्रीका, नीदरलैंड्स और न्यूजीलैंड तथा अर्जेंटीना और जापान के बीच मुकाबले होंगे. 17 अगस्त को भारत-इंग्लैंड मुकाबले के साथ जर्मनी और बेल्जियम के बीच भी अहम मैच खेला जाएगा.

20 अगस्त तक चलेंगे ग्रुप मुकाबले

ग्रुप चरण के मुकाबले 20 अगस्त तक खेले जाएंगे. इसके बाद टूर्नामेंट नॉकआउट चरण में प्रवेश करेगा. 20 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया-दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड-अर्जेंटीना, आयरलैंड-स्पेन और नीदरलैंड्स-जापान के मुकाबले होंगे. ग्रुप चरण के प्रदर्शन के आधार पर टीमें क्रॉसओवर राउंड के लिए क्वालीफाई करेंगी.

21 और 22 अगस्त को क्रॉसओवर राउंड

क्रॉसओवर मुकाबले (दूसरे पूल की टीम के साथ मैच) 21 अगस्त से शुरू होंगे. 21 अगस्त को पूल बी और पूल सी की तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच मुकाबले होंगे. इसी चरण में पूल सी की शीर्ष टीम और पूल बी की दूसरे स्थान वाली टीम के बीच भी मुकाबला होगा. 22 अगस्त को क्रॉसओवर राउंड में पूल बी और पूल सी की शीर्ष टीमों के बीच मुकाबले के साथ पूल ए और पूल डी की टीमों के मैच खेले जाएंगे.

23 और 24 अगस्त को क्वार्टर फाइनल की राह होगी साफ

23 और 24 अगस्त को क्रॉसओवर मुकाबलों के बाद टूर्नामेंट का समीकरण और स्पष्ट हो जाएगा. इन मुकाबलों के जरिए शीर्ष टीमें अगले चरण में जगह बनाने की कोशिश करेंगी. 24 अगस्त को पूल ए और पूल डी की शीर्ष व दूसरे स्थान वाली टीमों के बीच भी अहम मुकाबले खेले जाएंगे. इन मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और खिताबी मुकाबले की तस्वीर काफी हद तक साफ हो जाएगी.

28 अगस्त को होंगे सेमीफाइनल से जुड़े मुकाबले

टूर्नामेंट के अंतिम चरण की शुरुआत 28 अगस्त से होगी. इस दिन वर्गीकरण मुकाबलों के साथ सेमीफाइनल चरण के मुकाबले भी खेले जाएंगे। अम्स्टेलवीन और बेल्जियम में अलग-अलग मुकाबले आयोजित किए जाएंगे. 28 अगस्त को पूल जी और पूल एच के साथ-साथ पूल ई और पूल एफ की टीमों के बीच भी महत्वपूर्ण मुकाबले होंगे. 29 अगस्त को भी एक अहम मुकाबला खेला जाएगा. इसके बाद सभी की नजरें 30 अगस्त के खिताबी मुकाबले पर होंगी.

30 अगस्त को मिलेगा हॉकी विश्व कप का चैंपियन

एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 का फाइनल 30 अगस्त को बेल्फियस एरिना, बेल्जियम में भारतीय समयानुसार रात 8 बजे खेला जाएगा. इससे पहले इसी मैदान पर शाम 5:30 बजे तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा. फाइनल में पहुंचने वाली दो टीमें विश्व चैंपियन बनने के लिए आमने-सामने होंगी. भारत की कोशिश होगी कि वह 1975 के बाद पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम करे.

भारत के लिए 15 अगस्त से शुरू होगा मिशन विश्व कप

भारत के लिए विश्व कप अभियान की शुरुआत स्वतंत्रता दिवस के दिन वेल्स के खिलाफ होगी. इसके बाद इंग्लैंड और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार दो महत्वपूर्ण मुकाबले टीम की असली परीक्षा लेंगे. भारतीय टीम अगर ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करती है तो उसके पास लंबे समय से चले आ रहे विश्व कप खिताब के सूखे को खत्म करने का सुनहरा मौका होगा. हालांकि, खिताब की राह आसान नहीं होगी. गत चैंपियन जर्मनी, मेजबान बेल्जियम और नीदरलैंड्स समेत कई मजबूत टीमें भारत के सामने बड़ी चुनौती पेश करेंगी.

हॉकी विश्व कप 2026: महत्वपूर्ण तारीखें

15 अगस्त: टूर्नामेंट की शुरुआत और भारत-वेल्स मुकाबला 17 अगस्त: भारत-इंग्लैंड मुकाबला 19 अगस्त: भारत-पाकिस्तान मुकाबला 21-24 अगस्त: क्रॉसओवर चरण 28-29 अगस्त: अंतिम चरण के मुकाबले 30 अगस्त: तीसरे स्थान का मुकाबला और फाइनल

फाइनल: 30 अगस्त, रात 8:00 बजे (भारतीय समय) स्थान: बेल्फियस एरिना, बेल्जियम

इसे भी पढ़े- IND vs SL Test: टीम में शामिल होकर भी बाहर बैठ सकते हैं ये 4 खिलाड़ी, जानिए क्यों


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ऋतु राज

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >