Hockey World Cup 2026: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का 2026 वर्ल्ड कप अभियान हार के साथ खत्म हुआ. 7वें-8वें स्थान के मुकाबले में भारत को मेजबान बेल्जियम के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में 3-4 से हार का सामना करना पड़ा. निर्धारित समय तक मुकाबला 3-3 से बराबर था, लेकिन शूटआउट में बेल्जियम ने बाजी मार ली. इस हार के साथ भारत टूर्नामेंट में आठवें स्थान पर रहा, जबकि बेल्जियम ने सातवां स्थान हासिल किया.
पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई बढ़त
बेल्फियस हॉकी एरिना में खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों ने शुरुआत से ही आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन किया. पदक की दौड़ से बाहर हो चुकी भारत और बेल्जियम की नजर टूर्नामेंट का अंत जीत के साथ करने पर थी. भारत ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की. अभिषेक नैन ने बेहतरीन स्ट्राइक करते हुए गेंद को बेल्जियम के गोल पोस्ट में पहुंचाया और भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी. हालांकि, घरेलू दर्शकों के समर्थन के बीच बेल्जियम ने जल्द ही वापसी की. रोमन डुवेकोट और ह्यूगो लाबोशेयर ने गोल कर मेजबान टीम को 2-1 से आगे कर दिया.
हरमनप्रीत ने दो गोल कर भारत की कराई वापसी
बेल्जियम की पेनल्टी कॉर्नर रणनीति के सामने भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने कई अहम बचाव करते हुए भारत को मुकाबले में बनाए रखा. भारतीय टीम लगातार बराबरी की कोशिश करती रही और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 31वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया. इससे स्कोर 2-2 हो गया. मुकाबले के 47वें मिनट में निकोलस डी केरपेल ने बेल्जियम के लिए गोल कर मेजबान टीम को एक बार फिर 3-2 से आगे कर दिया. भारत के सामने हार का खतरा मंडरा रहा था, लेकिन हरमनप्रीत ने एक बार फिर जिम्मेदारी संभाली.
ये भी पढ़ें: डेब्यू पर गोल्डन डक, दूसरे टेस्ट में 80 और 92; पसिंदु सूरियाबंदारा ने बताया क्यों हैं खास
3-3 की बराबरी के बाद शूटआउट में हारा भारत
मुकाबले के अंतिम हिस्से में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत सिंह ने इसे गोल में बदलकर स्कोर 3-3 कर दिया. निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया. शूटआउट में बेल्जियम के अनुभवी गोलकीपर विंसेंट वनाश भारत के लिए सबसे बड़ी दीवार साबित हुए. उन्होंने हरमनप्रीत सिंह और सुखजीत सिंह के प्रयासों को रोक दिया. भारत की ओर से शिलानंद लाकड़ा, दिलप्रीत सिंह और अभिषेक ने शूटआउट में गोल किए. वहीं, बेल्जियम के लिए अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने गोल किया और रोमन डुवेकोट ने निर्णायक प्रयास को गोल में बदलकर अपनी टीम को 4-3 से जीत दिला दी.
Hockey World Cup 2026 में 8वें स्थान पर रहा भारत
बेल्जियम की जीत के साथ मेजबान टीम ने वर्ल्ड कप में सातवां स्थान हासिल किया, जबकि भारतीय टीम को आठवें स्थान से संतोष करना पड़ा. भारत पदक की दौड़ में जगह नहीं बना सका. बेल्जियम के खिलाफ मुकाबले में टीम ने कई मौकों पर अच्छी हॉकी खेली और निर्धारित समय में तीन गोल भी किए, लेकिन शूटआउट में मिली हार ने अभियान का अंत जीत के साथ करने का मौका छीन लिया.
ये भी पढ़ें: Sonal Dinusha: कभी बहन ने उधार लेकर दिलाया था पहला बल्ला, अब भारत के खिलाफ 420 रन बनाकर बने श्रीलंका के स्टार
