अफगानिस्तान सीरीज से हो सकती है हार्दिक पंड्या की वापसी, जसप्रीत बुमराह पर सस्पेंस बरकरार

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की करीब पांच महीने बाद वापसी की राह खुल गई है. वे अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चयन हेतु उपलब्ध हो सकते हैं. वहीं, जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर अभी भी संशय बना हुआ है.

Hardik Pandya Return: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की करीब पांच महीने बाद भारतीय टीम में वापसी के आसार बढ़ गए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पंड्या अब पूरी तरह फिट होने के करीब हैं और अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए उनके नाम पर विचार किया जा सकता है. पंड्या के अलावा युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी भी चयन के लिए फिट बताए जा रहे हैं. वहीं, वॉशिंगटन सुंदर भी जरूरी फिटनेस मंजूरी हासिल करने के करीब हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के जरिए टीम इंडिया में वापसी कर सकते हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर भी नजर बनी हुई है.

CoE में ट्रेनिंग कर रहे पंड्या और नीतीश

'द टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी पिछले काफी समय से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में ट्रेनिंग कर रहे हैं. दोनों खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं और अपनी फिटनेस पर लगातार काम कर रहे हैं. रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि पंड्या और रेड्डी लंबे समय से CoE में हैं. निजी कारणों से उन्हें बीच-बीच में ब्रेक लेना पड़ता है. रेड्डी आमतौर पर सप्ताहांत में घर जाते हैं, जबकि पंड्या ने बेंगलुरु को अपना बेस बना लिया है. दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस में सुधार हुआ है और अब चयनकर्ताओं की नजर अफगानिस्तान सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता पर रहेगी.

वॉशिंगटन सुंदर भी वापसी की तैयारी में

पंड्या और नीतीश के अलावा ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर भी भारतीय टीम में वापसी की तैयारी कर रहे हैं. वह हाल ही में चेन्नई में थे और इस सप्ताह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस लौटने की उम्मीद है. इसके बाद उनकी फिटनेस का आकलन किया जाएगा. अगर उन्हें जरूरी मंजूरी मिल जाती है तो वह अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए चयन के दावेदार हो सकते हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ हफ्तों में सुंदर का वर्कलोड धीरे-धीरे बढ़ाया गया है. ऐसे में छोटे प्रारूप के जरिए उनकी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कराई जा सकती है.

ये भी पढ़ें: श्रीलंका दौरे के बाद BCCI ने खिलाड़ियों को बुलाया बेंगलुरु, जडेजा-पंत समेत इन खिलाड़ियों का हुआ फिटनेस टेस्ट

अफगानिस्तान सीरीज के लिए जल्द हो सकता है टीम का चयन

टीम इंडिया की चयन समिति, जिसकी अगुवाई अजीत अगरकर कर रहे हैं, अफगानिस्तान के खिलाफ तीन टी20 मैचों के लिए जल्द टीम का चयन कर सकती है. चयन बैठक में फिटनेस हासिल कर चुके खिलाड़ियों के साथ-साथ चोट से वापसी कर रहे खिलाड़ियों की उपलब्धता पर भी चर्चा होने की उम्मीद है. ऐसे में हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर पर खास नजर रहेगी.

बुमराह की फिटनेस पर भी टिकी नजर

इन खिलाड़ियों की संभावित वापसी के बीच जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर भी नजर बनी हुई है. बुमराह हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे. इंग्लैंड दौरे के दौरान वनडे सीरीज में बुमराह को घुटने में चोट लगी थी. इसी चोट के कारण उन्हें श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर रहना पड़ा. हालांकि, उनकी मौजूदा चोट को पहले लगी पीठ की गंभीर चोट जितना चिंताजनक नहीं माना जा रहा है, लेकिन बीसीसीआई उनकी वापसी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता.

बुमराह फिलहाल बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं. उन्होंने ट्रेनिंग शुरू कर दी है और उनकी रिकवरी जारी है. हालांकि, बोर्ड की ओर से उनकी वापसी को लेकर अभी कोई आधिकारिक तारीख नहीं बताई गई है.

ये भी पढ़ें: US Open 2026: 20 साल बाद ग्रैंड स्लैम के पहले दौर में हारे जोकोविच, नावोने ने पांच सेट में हराया

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >