फीफा वर्ल्ड कप: दादा को एक मैच दिखाने के लिए पोते ने दांव पर लगा दी सारी जमा-पूंजी, छोड़ दिया घर खरीदने का सपना

इंग्लैंड के जैकब ऑलमेंडिंगर ने अपने दादा के फीफा विश्व कप 2026 देखने के सपने को पूरा करने के लिए घर खरीदने की अपनी सारी बचत खर्च कर दी. उनकी इस भावुक कहानी ने दुनिया का दिल जीत लिया.

कुछ सपने ऐसे होते हैं, जिनकी कीमत पैसों से नहीं लगाई जा सकती. इंग्लैंड के 21 वर्षीय जैकब ऑलमेंडिंगर ने भी ऐसा ही एक फैसला लिया, जिसने दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों का दिल जीत लिया. उन्होंने अपने 79 वर्षीय दादा मैल्कम गॉलिकर का फीफा विश्व कप 2026 देखने का सपना पूरा करने के लिए घर खरीदने के लिए जमा की गई अपनी पूरी बचत खर्च कर दी.

घर खरीदने के लिए जोड़े थे 10 लाख रुपये

जैकब कई वर्षों से अपना घर खरीदने का सपना देख रहे थे. इसके लिए उन्होंने पाई-पाई जोड़कर 10 हजार पाउंड (करीब 10 लाख रुपये) जमा किए थे. लेकिन जब उनके दादा ने बढ़ती लागत के कारण विश्व कप देखने का विचार छोड़ दिया, तो जैकब ने एक बड़ा फैसला लिया. उन्होंने अपनी जमा-पूंजी दादा के साथ अमेरिका और मेक्सिको जाकर विश्व कप देखने पर खर्च कर दी.

दादा की उम्र के आगे छोटा लगा घर का सपना

जैकब का मानना था कि घर खरीदने का सपना कुछ साल बाद भी पूरा किया जा सकता है, लेकिन दादा के साथ विश्व कप देखने का मौका शायद दोबारा न मिले. उन्होंने कहा कि भविष्य में फिर से पैसे कमाए जा सकते हैं, लेकिन समय को वापस नहीं लाया जा सकता. यही सोचकर उन्होंने अपने सपने को कुछ समय के लिए टाल दिया और दादा की ख्वाहिश को पूरा किया.

महंगी यात्रा के कारण छोड़ दी थी उम्मीद

मैल्कम गॉलिकर फुटबॉल के बड़े प्रशंसक हैं और विश्व कप को स्टेडियम में बैठकर देखना चाहते थे. हालांकि अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में आयोजित टूर्नामेंट के टिकट और होटल खर्च काफी ज्यादा होने के कारण उन्होंने घर पर टीवी से ही मैच देखने की योजना बना ली थी. लेकिन पोते ने उनकी यह योजना बदल दी.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी

विश्व कप के दौरान दादा-पोते की यह जोड़ी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई. लोगों ने जैकब के फैसले की जमकर सराहना की. उनकी भावुक कहानी लाखों लोगों तक पहुंची और रिश्तों की मिसाल बन गई. जैकब और उनके दादा की कहानी से प्रभावित होकर अमेरिका स्थित क्रिप्टो कैसीनो कंपनी ‘मेटाविन’ ने एक खास घोषणा की. कंपनी ने कहा कि यदि इंग्लैंड कांगो को हरा देता है, तो वह जैकब की पूरी रकम वापस कर देगी.

इंग्लैंड की जीत और लौट आई पूरी जमा-पूंजी

कांगो के खिलाफ मुकाबले में इंग्लैंड ने 2-1 से जीत दर्ज की और इसके साथ ही मेटाविन ने अपना वादा निभाया. कंपनी ने जैकब को उनके पूरे 10 हजार पाउंड वापस लौटा दिए. इस तरह जैकब को दादा के साथ विश्व कप देखने का अनमोल अनुभव भी मिला और घर खरीदने के लिए जोड़ी गई उनकी बचत भी वापस मिल गई.

विश्व कप ने दी रिश्तों की सबसे खूबसूरत कहानी

फीफा विश्व कप 2026 में जहां मैदान पर कई यादगार मुकाबले देखने को मिले, वहीं जैकब और मैल्कम की कहानी ने यह साबित कर दिया कि खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं है. कभी-कभी यह रिश्तों, त्याग और भावनाओं की ऐसी कहानियां भी गढ़ता है, जो लंबे समय तक याद रखी जाती हैं.

ये भी पढ़ें: किलियन एम्बाप्पे ने रचा इतिहास, लगातार दो फीफा वर्ल्ड कप में ऐसा कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी बने


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vidhan Chandra Mishra

Published by: Ujjawal Sinha

प्रभात खबर के सेंट्रल डेस्क में स्पोर्ट्स डेस्क के प्रभारी के तौर पर 10 वर्ष से कार्यरत हैं. प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का लंबा अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज के साथ ही खबरों को नया एंगल देना विशेषता है.

डेटा के समुंद्र में गोते लगाकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की एनालिसिस करना बखूबी पता है. पिछले दो दशकों के दौरान फीफा विश्व कप, क्रिकेट विश्व कप, राष्ट्रमंडल खेल, एशियन गेम्स, आइपीएल सहित तमाम बड़े खेल इवेंट को लेकर काम करने का विशेष अनुभव है. 2006 में दैनिक जागरण कोलकाता में रिपोर्टर के तौर पत्रकारिता की शुरुआत की थी, फिर कोलकाता में ही ‘प्रभात खबर’ और ‘राजस्थान पत्रिका’ में रिपोर्टर के तौर पर कार्य किया.

बांग्ला भाषा पर पकड़ की वजह से इस दौरान खेल के साथ-साथ बिजनेस, विमानपत्तन, नगर निगम सहित स्थानीय स्तर की खबरों और स्पेशल खबरों पर काम करने का मौका मिला. कोलकाता छोड़ने के बाद 2010 में प्रभात खबर पटना संस्करण से जुड़े, जहां डेस्क प्रभारी के तौर पर प्रादेशिक, खेल और सिटी डेस्क पर काम किया.

2013 में दैनिक भास्कर लॉचिंग टीम का हिस्सा रहे. करीब तीन वर्ष तक खेल प्रभारी के तौर भास्कर से जुड़े पर रहने के बाद फिर से प्रभात खबर सेंट्रल डेस्क से जुड़ गये और वर्तमान में खेल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं. दो दशकों से पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता और स्थानीय स्तर से लेकर देश दुनिया की सभी तरह की खबरों पर काम करने की दक्षता के कारण विधान चंद्र मिश्र को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

विशेष रुचि

क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन, टेनिस, खेल, विश्लेषण, खिलाड़ी, प्रोफाइल और एक्सक्लूसिव स्टोरीज

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >