Kylian Mbappe: 11 जून से शुरू होने वाले फीफा विश्व कप 2026 में फ्रांस को फिर से चैंपियन पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. 2018 की विजेता और 2022 की उप-विजेता रही इस टीम की मुख्य ताकत उनके स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे हैं. जो पिछले दो विश्व कप के अपने शानदार अनुभव और फिलहाल अपने करियर के बेहतरीन फॉर्म के साथ मैदान पर उतरेंगे.
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर में से एक
लियोनेल मेस्सी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बाद फुटबॉल जगत के अगले ग्लोबल सुपरस्टार बन चुके 27 वर्षीय किलियन एम्बाप्पे आज दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर हैं. अंतरराष्ट्रीय और क्लब स्तर पर अपने करिश्माई खेल से लोहा मनवाने वाले एम्बाप्पे अपनी रफ्तार, शानदार ड्रिबलिंग और क्लिनिकल फिनिशिंग के लिए मशहूर हैं. विरोधी टीम के डिफेंस को तहस-नहस कर गेंद को गोल में तब्दील करने की उनकी अद्भुत क्षमता ही उन्हें खास बनाती है. इसका सबसे बड़ा उदाहरण पिछले विश्व कप के फाइनल में देखने को मिला था.
एम्बाप्पे ने रचा इतिहास
2018 विश्व कप के फाइनल में क्रोएशिया के खिलाफ एक गोल दागकर फ्रांस को चैंपियन बनाने वाले एम्बाप्पे ने 2022 के फाइनल में भी इतिहास रचा था. अर्जेंटीना के खिलाफ उस सांस रोक देने वाले मुकाबले में फ्रांस ने जो तीन गोल किए, वे सभी अकेले एम्बाप्पे ने किए थे. हालांकि, निर्धारित समय में मैच 3-3 से बराबर रहने के बाद, मेसी की अर्जेंटीना ने खिताब अपने नाम कर लिया. लेकिन एम्बाप्पे अकेले दम पर फ्रांस को जीत के बिल्कुल करीब ले आए थे.
इतिहास दोहराने उतरेगा फ्रांस
1998 (बनाम ब्राजील) और 2018 (बनाम क्रोएशिया) की विश्व विजेता फ्रांस एक बार फिर इतिहास दोहराने की दहलीज पर है. फीफा विश्व कप 2026 में टीम की सबसे बड़ी उम्मीद उनके स्टार खिलाड़ी किलियन एम्बाप्पे हैं, जो इस बार अधिक अनुभव और खास रणनीति के साथ उतर रहे हैं. यदि एम्बाप्पे अपनी प्रतिष्ठा के मुताबिक खेले और उन्हें टीम का भरपूर सहयोग मिला, तो फ्रांस तीसरी बार फुटबॉल की दुनिया पर राज करेगा.
एम्बाप्पे का शानदार करियर
2017 में 18 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले किलियन एम्बाप्पे ने अब तक 96 मैचों में 56 गोल किए हैं. वे फ्रांस के दूसरे सबसे सफल गोल करने वाले खिलाड़ी हैं. आगामी विश्व कप में वे फ्रांस के लिए सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने का नया कीर्तिमान बना सकते हैं. फिलहाल यह रिकॉर्ड पूर्व कप्तान ओलिवियर गिरौड (137 मैचों में 57 गोल) के नाम है. जिनके इस ऐतिहासिक आंकड़े को पार करने के लिए एम्बाप्पे को अब सिर्फ 2 गोल की दरकार है.
यह भी पढ़े- हार्दिक पांड्या से छिनेगी MI की कप्तानी, सामने आई ये बड़ी वजह
