ईरान और न्यूजीलैंड के बीच चला बेहद रोमांचक मुकाबला, 2-2 से ड्रॉ पर छूटा मैच

FIFA World Cup 2026 : आज ग्रुप-G के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में ईरान और न्यूजीलैंड का मैच 2-2 के बराबरी पर समाप्त हुआ.

FIFA World Cup 2026 : फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-जी के अपने शुरुआती मुकाबले में ईरान और न्यूजीलैंड की फुटबॉल टीमों के बीच एक बेहद रोमांचक और उतार-चढ़ाव से भरा मैच देखने को मिला. इस मुकाबले में दोनों ही टीमों ने अंत तक हार नहीं मानी और अंत में यह मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ. कागज पर मजबूत मानी जा रही ईरान की टीम को न्यूजीलैंड ने अपनी आक्रामक रणनीति से हैरान कर दिया, लेकिन ईरान ने दो बार पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मैच को ड्रॉ कराया.

न्यूजीलैंड की तूफानी शुरुआत

मैच की शुरुआत से ही वर्ल्ड रैंकिंग में 85वें स्थान पर मौजूद न्यूजीलैंड ने आक्रामक रुख अपनाया. मैच के 7वें मिनट में ही न्यूजीलैंड के कप्तान क्रिस वुड के एक बेहतरीन पास को एलाइजा जस्ट ने गोल में तब्दील कर अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी. इस शुरुआती झटके के बाद 20वें रैंक वाली ईरान की टीम दबाव में आ गई और मैच में वापसी के लिए संघर्ष करती दिखी.

ईरान का पलटवार और पहले हाफ का रोमांच

शुरुआती झटके से उबरते हुए ईरान ने गेंद पर अपना नियंत्रण बनाना शुरू किया. मैच के 32वें मिनट में ईरान को इसका फायदा मिला, जब रामिन रजाईयान ने एक शानदार गोल दागकर स्कोर को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया. पहला हाफ इसी स्कोर पर समाप्त हुआ, जिसमें दोनों टीमों ने गोल करने के कई बेहतरीन मौके मिले.

दूसरे हाफ में दोबारा आगे निकला न्यूजीलैंड

दूसरे हाफ की शुरुआत में न्यूजीलैंड ने एक बार फिर ईरान के डिफेंस को भेदने में सफलता हासिल की. 55वें मिनट में एलाइजा जस्ट ने मैच में अपना दूसरा व्यक्तिगत गोल करते हुए न्यूजीलैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी. इस गोल के बाद ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड बड़ा उलटफेर करने में कामयाब हो जाएगा.

मोहम्मद मोहेबी ने बचाई ईरान की लाज

एक बार फिर पिछड़ने के बाद ईरान की टीम ने अपने आक्रमण को और तेज कर दिया. मैच के 64वें मिनट में ईरान के फारवर्ड मोहम्मद मोहेबी ने एक बेहतरीन हेडर के जरिए गोल करके टीम को 2-2 की बराबरी पर ला दिया. मैच के आखिरी मिनटों में दोनों टीमों ने गोल करने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगाया, लेकिन दोनों ही टीमों का डिफेंस अंत तक डटा रहा और मुकाबला बराबरी पर छूटा.

दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण एक अंक

इस ड्रॉ के बाद दोनों टीमों को ग्रुप स्टेज में 1-1 अंक से संतोष करना पड़ा है. जहां न्यूजीलैंड इस प्रदर्शन से बेहद उत्साहित होगा कि उसने एक मजबूत टीम को बराबरी पर रोका, वहीं ईरान के लिए यह मैच एक सबक की तरह रहेगा ताकि वे अगले मैचों में अपने डिफेंस को और मजबूत कर सकें.

ये भी पढ़े : उरुग्वे और सऊदी अरब का मुकाबला 1-1 से ड्रॉ, अल-ओवैस की दीवार से टकराई उरुग्वे की सेना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Swayam Rishi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >