फीफा विश्व कप 2026 फाइनल में दिखेगी दो पीढ़ियों की जंग, अर्जेंटीना के सामने स्पेन की चुनौती

फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी का नहीं, बल्कि मेसी के अनुभव और यामाल के युवा जोश के बीच भी होगा.

फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल रविवार को अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा. एक तरफ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगा, तो दूसरी ओर स्पेन 2010 के बाद दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना लेकर उतरेगा. मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी का नहीं, बल्कि विश्व फुटबॉल की बादशाहत का भी होगा.

मेसी और यामाल पर टिकी दुनिया की नजरें

फाइनल का सबसे बड़ा आकर्षण अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी और स्पेन के युवा स्टार लामिन यामाल की टक्कर होगी. 39 वर्षीय मेसी अपने शानदार करियर में एक और विश्व कप खिताब जोड़ना चाहते हैं, जबकि 19 वर्षीय यामाल खुद को विश्व फुटबॉल का नया सुपरस्टार साबित करने के लिए तैयार हैं. दिलचस्प बात यह है कि 2007 में मेसी ने एक चैरिटी फोटोशूट के दौरान शिशु यामाल को गोद में उठाया था. अब वही यामाल मेसी की खिताबी राह की सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने खड़े हैं.

60 साल बाद विश्व कप में फिर आमना-सामना

विश्व कप के इतिहास में अर्जेंटीना और स्पेन सिर्फ एक बार आमने-सामने आए हैं. 13 जुलाई 1966 को ग्रुप चरण में खेले गए उस मुकाबले में अर्जेंटीना ने स्पेन को 2-1 से हराया था. हालांकि दोनों टीमें पहली बार विश्व कप फाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगी.

अर्जेंटीना की ताकत है मेसी का जादू

अर्जेंटीना की सबसे बड़ी ताकत उसके कप्तान लियोनेल मेसी हैं. मेसी इस विश्व कप में आठ गोल कर चुके हैं और लगातार टीम के लिए गोल करने के साथ-साथ मौके भी बना रहे हैं. इसके अलावा अर्जेंटीना की बेंच स्ट्रेंथ भी शानदार रही है, जिसने कई मैचों में अंतिम समय में टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है. हालांकि अर्जेंटीना की रक्षापंक्ति की गति और गेंद खोने के बाद बनने वाली जगह टीम के लिए चिंता का विषय हो सकती है. स्पेन के तेज और तकनीकी रूप से मजबूत आक्रमण के खिलाफ यह कमजोरी भारी पड़ सकती है.

लगातार दूसरे खिताब पर अर्जेंटीना की नजर

अर्जेंटीना विश्व कप फाइनल में सातवीं बार पहुंचा है. इससे पहले टीम 1930, 1978, 1986, 1990, 2014 और 2022 में फाइनल खेल चुकी है. 1978, 1986 और 2022 में खिताब जीतने वाली अर्जेंटीना अगर इस बार भी चैंपियन बनती है तो वह ब्राजील के बाद लगातार दो विश्व कप जीतने वाली दूसरी टीम बन जाएगी.

स्पेन की सबसे बड़ी ताकत उसका सामूहिक खेल

स्पेन इस टूर्नामेंट में अपने शानदार टीम प्रदर्शन और मजबूत रक्षा के दम पर फाइनल तक पहुंचा है. टीम ने पूरे विश्व कप में सिर्फ एक गोल खाया है. लामिन यामाल, निको विलियम्स और मिडफील्ड की रचनात्मकता स्पेन को बेहद खतरनाक बनाती है. स्पेन की सबसे बड़ी कमजोरी यह रही है कि टीम कई बार गोल करने के आसान मौके गंवा देती है. अनुभवी और दबाव झेलने में माहिर अर्जेंटीना के खिलाफ ऐसी गलतियां महंगी साबित हो सकती हैं.

फाइनल में स्पेन का रिकॉर्ड शानदार

स्पेन अब तक सिर्फ एक बार विश्व कप फाइनल में पहुंचा है और 2010 में नीदरलैंड को हराकर चैंपियन बना था. यानी विश्व कप फाइनल में उसका जीत का रिकॉर्ड 100 प्रतिशत है.

आंकड़े बताते हैं मुकाबला बराबरी का

अर्जेंटीना और स्पेन के बीच अब तक 14 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं. दोनों टीमों ने छह-छह मैच जीते हैं, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. ऐसे में आंकड़े भी किसी एक टीम को स्पष्ट बढ़त नहीं देते और फाइनल के रोमांच को और बढ़ा देते हैं.

अनुभव बनाम युवा जोश की जंग

फाइनल में एक ओर मेसी का अनुभव और नेतृत्व होगा, तो दूसरी ओर यामाल की गति, ऊर्जा और निडर खेल. फुटबॉल जगत की निगाहें इस बात पर टिकी होंगी कि क्या मेसी अपने करियर में एक और विश्व कप ट्रॉफी जोड़ पाएंगे या फिर यामाल स्पेन को नया विश्व चैंपियन बनाने में सफल होंगे.

ये भी पढ़ें: 138 साल का इतिहास, अनगिनत कहानियां; कैसे भारतीय फुटबॉल की पहचान बना डूरंड कप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vidhan Chandra Mishra

Published by: Amitabh Kumar

प्रभात खबर के सेंट्रल डेस्क में स्पोर्ट्स डेस्क के प्रभारी के तौर पर 10 वर्ष से कार्यरत हैं. प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम करने का लंबा अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज के साथ ही खबरों को नया एंगल देना विशेषता है.

डेटा के समुंद्र में गोते लगाकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन की एनालिसिस करना बखूबी पता है. पिछले दो दशकों के दौरान फीफा विश्व कप, क्रिकेट विश्व कप, राष्ट्रमंडल खेल, एशियन गेम्स, आइपीएल सहित तमाम बड़े खेल इवेंट को लेकर काम करने का विशेष अनुभव है. 2006 में दैनिक जागरण कोलकाता में रिपोर्टर के तौर पत्रकारिता की शुरुआत की थी, फिर कोलकाता में ही ‘प्रभात खबर’ और ‘राजस्थान पत्रिका’ में रिपोर्टर के तौर पर कार्य किया.

बांग्ला भाषा पर पकड़ की वजह से इस दौरान खेल के साथ-साथ बिजनेस, विमानपत्तन, नगर निगम सहित स्थानीय स्तर की खबरों और स्पेशल खबरों पर काम करने का मौका मिला. कोलकाता छोड़ने के बाद 2010 में प्रभात खबर पटना संस्करण से जुड़े, जहां डेस्क प्रभारी के तौर पर प्रादेशिक, खेल और सिटी डेस्क पर काम किया.

2013 में दैनिक भास्कर लॉचिंग टीम का हिस्सा रहे. करीब तीन वर्ष तक खेल प्रभारी के तौर भास्कर से जुड़े पर रहने के बाद फिर से प्रभात खबर सेंट्रल डेस्क से जुड़ गये और वर्तमान में खेल डेस्क पर सेवा दे रहे हैं. दो दशकों से पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता और स्थानीय स्तर से लेकर देश दुनिया की सभी तरह की खबरों पर काम करने की दक्षता के कारण विधान चंद्र मिश्र को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

विशेष रुचि

क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन, टेनिस, खेल, विश्लेषण, खिलाड़ी, प्रोफाइल और एक्सक्लूसिव स्टोरीज

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >