41 की उम्र में भी नहीं थम रहा रोनाल्डो का जलवा, Al Nassr को जिताकर दागा करियर का 978वां गोल

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 41 साल की उम्र में अल नासर को सऊदी प्रो लीग में जीत दिलाई. अल तावून के खिलाफ निर्णायक गोल दागकर उन्होंने अपने करियर का 978वां गोल पूरा किया. यह गोल उन्हें 1000 गोल के ऐतिहासिक आंकड़े के करीब ले आया है.

Cristiano Ronaldo: उम्र 41 साल, लेकिन मैदान पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का गोल करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा. शुक्रवार को सऊदी प्रो लीग में अल नासर और अल तावून के बीच खेले गए मुकाबले में रोनाल्डो ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को 2-1 से जीत दिलाई. इस गोल के साथ उनका करियर गोलों का आंकड़ा 978 पहुंच गया और वह 1000 गोल के ऐतिहासिक आंकड़े से सिर्फ 22 गोल दूर रह गए. इस जीत के साथ अल नासर ने सऊदी प्रो लीग के मौजूदा सीजन में लगातार चौथी जीत दर्ज की. टीम चार मैचों में 12 अंक लेकर तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है.

पहले पिछड़ा Al Nassr, फिर की वापसी

मुकाबले की शुरुआत अल नासर के लिए अच्छी नहीं रही. अल तावून ने 11वें मिनट में मोहम्मद बासम अल हुरैजी के गोल की मदद से 1-0 की बढ़त बना ली. इसके बाद अल नासर ने बराबरी के लिए लगातार कोशिश की. पहले हाफ के इंजरी टाइम के पांचवें मिनट में सामू कोस्टा ने गोल कर टीम को 1-1 की बराबरी पर ला दिया. हाफ टाइम तक दोनों टीमें इसी स्कोर पर रहीं.

दूसरे हाफ में रोनाल्डो ने किया कमाल

दूसरे हाफ के पांचवें मिनट यानी 50वें मिनट में अल नासर ने बढ़त हासिल कर ली और इस बार गोल करने वाले खिलाड़ी थे क्रिस्टियानो रोनाल्डो. इस गोल की शुरुआत जोआओ फेलिक्स के बाएं फ्लैंक से किए गए शानदार रन से हुई. फेलिक्स के कटबैक के बाद गेंद बॉक्स के किनारे मौजूद मोहम्मद सिमाकान तक पहुंची. सिमाकान ने गोल की ओर शॉट लगाया, लेकिन छह गज के अंदर मौजूद रोनाल्डो ने गेंद को हल्का सा फ्लिक कर दिया और वह नेट में चली गई. रोनाल्डो का यह टच निर्णायक साबित हुआ और गोल उनके नाम दर्ज हो गया. इस गोल के साथ उनका करियर गोलों का आंकड़ा 978 पहुंच गया.

ये भी पढ़ें: डेब्यू पर गोल्डन डक, दूसरे टेस्ट में 80 और 92; पसिंदु सूरियाबंदारा ने बताया क्यों हैं खास

4 मैच, 4 जीत के साथ टॉप पर Al Nassr

इस जीत के साथ अल नासर ने सऊदी प्रो लीग के इस सीजन में लगातार चार मुकाबले जीत लिए हैं. टीम 12 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है. इससे पहले मंगलवार को अल नासर ने अल इत्तिफाक के खिलाफ भी शानदार वापसी करते हुए 3-2 से जीत हासिल की थी. उस मुकाबले में टीम हाफ टाइम तक 0-2 से पीछे थी, लेकिन आखिरी 16 मिनट में तीन गोल दागकर उसने मैच पलट दिया था. उस मुकाबले में रोनाल्डो को मैदान से बाहर किए जाने के बाद वह नाराज नजर आए थे. हालांकि, अल तावून के खिलाफ उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाकर मैदान पर शानदार जवाब दिया.

Al Nassr के लिए भी रचा खास रिकॉर्ड

अल तावून के खिलाफ निर्णायक गोल करने के साथ रोनाल्डो ने सऊदी प्रो लीग में अल नासर के लिए अपना 104वां गोल पूरा किया. इसके साथ वह क्लब के इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए. अब उनकी नजर करियर के 1000 गोल पूरे करने के ऐतिहासिक आंकड़े पर है और इसके लिए उन्हें सिर्फ 22 और गोल करने हैं.

ये भी पढ़ें: Hockey World Cup 2026: 3-3 की बराबरी के बाद शूटआउट में बेल्जियम से हारा भारत, 8वें स्थान के साथ खत्म हुआ सफर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >