ड्रेसिंग रूम की बातें सोशल मीडिया पर शेयर करने से वसीम अकरम और वकार यूनिस पीसीबी से नाराज

पाकिस्तान के दो दिग्गज क्रिकेट वकार यूनिस और वसीम अकरम ड्रेसिंग रूम की बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने के कारण पीसीबी से नाराज हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा करना खिलाड़ियों की निजता का उल्लंघन है और टीम को इससे नुकसान भी हो सकता है.

कराची : दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम और वकार यूनिस ने ड्रेसिंग रूम की बातें सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की कड़ी आलोचना की है. पीसीबी ने टी20 विश्व कप में भारत से हार के बाद ड्रेसिंग रूम में कप्तान बाबर आजम के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया था. इसके बाद रविवार को जब टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया तो बाबर और टीम के मेंटर मैथ्यू हेडन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया था.

ड्रेसिंग रूम में होती हैं कई बातें

वसीम अकरम और वकार यूनिस ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में जो कुछ भी होता है उसे गोपनीय रखना चाहिए. अकरम ने एक खेल चैनल से कहा कि अगर मैं बाबर आजम की जगह होता तो वीडियो बनाने वाले शख्स को उसी समय रोक देता क्योंकि ड्रेसिंग रूम में कई व्यक्तिगत बातें भी होती हैं और अगर उन्हें सार्वजनिक कर दिया जाता है तो यह शर्मसार करने वाली हो सकती हैं.

Also Read: T20 World Cup: बांग्लादेश पर जीत के बाद पाकिस्तान पर लग रहा चीटिंग का आरोप, जानें पूरा मामला
कोई और टीम नहीं करती यह काम

उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता किसी अन्य टीम ने विश्व कप में या उससे पहले ऐसा किया होगा. मैं प्रशंसकों की संख्या बढ़ाने की इच्छा समझ सकता हूं लेकिन यह अति है. वकार ने भी अकरम की बातों से सहमति जतायी और कहा पहले भी ड्रेसिंग रूम की बातें सार्वजनिक होने से पाकिस्तान क्रिकेट को नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा कि वसीम ने जो कहा मैं उससे शत प्रतिशत सहमत हूं.

सेमीफाइनल में पाक का सामना न्यूजीलैंड से

वकार ने कहा कि ड्रेसिंग रूम में जो कुछ भी होता है उसे वहीं तक सीमित रहना चाहिए. यह अभी की समस्या नहीं है इससे पहले भी ड्रेसिंग रूम की बातें मीडिया में लीक हो गयी थी. बता दें कि एक बड़े उलटफेर के बाद पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर पायी है. अगर दक्षिण अफ्रीका को नीदरलैंड के हाथों हार का सामना नहीं करना पड़ता तो पाकिस्तान बाहर हो जाती. पाकिस्तान को सेमीफाइनल में नौ नवंबर को न्यूजीलैंड से भिड़ना है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >