Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में अपने तूफानी प्रदर्शन से क्रिकेट जगत को चौंकाने वाले वैभव सूर्यवंशी इस समय अलग तरह की चुनौती का सामना कर रहे हैं. राजस्थान रॉयल्स के लिए 776 रन बनाने वाले इस युवा बल्लेबाज ने दुनिया के दिग्गज गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ बल्लेबाजी की थी. हालांकि इंडिया ए के लिए त्रिकोणीय सीरीज में उनका प्रदर्शन अब तक उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया है.
श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के खिलाफ खेले गए चार मुकाबलों में वैभव के बल्ले से 14, 44, 21 और 38 रन की पारियां निकली हैं. आंकड़े भले बहुत खराब न लगें, लेकिन उनकी बल्लेबाजी का तरीका चिंता का विषय बन रहा है.
अफगानिस्तान ए के खिलाफ खेली 38 रन की पारी
वैभव सूर्यवंशी ने अफगानिस्तान ए के खिलाफ 28 गेंदों में 38 रनों की पारी खेली. इस दौरान वैभव ने 4 चौके और 2 छक्के लगाए. ट्राई सीरीज के दौरान वैभव को चारों मैच में शुरुआत मिली लेकिन उसको बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सके.
लगातार बड़े शॉट्स मारने की कोशिश
वैभव के चारों पारियों का विश्लेषण करने पर एक समान पैटर्न नजर आता है. वह शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाने की कोशिश करते हैं और कई बार परिस्थितियों को समझे बिना बड़ा शॉट खेलने का जोखिम उठा लेते हैं. पहले मुकाबले में श्रीलंका ए के स्पिनरों ने गेंद को टर्न और डिप कराया, लेकिन वैभव ने पिच तक पहुंचे बिना बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की और विकेट गंवा बैठे.
शॉट बॉल पर भी कर रहे हैं जल्दबाजी
अफगानिस्तान ए के खिलाफ भी शॉर्ट गेंदों के सामने उनकी कमजोरी दिखाई दी. वह कई मौकों पर गेंद को छोड़ने या नियंत्रित शॉट खेलने के बजाय हुक और रैंप जैसे जोखिम भरे विकल्प चुनते नजर आए. विरोधी गेंदबाजों ने इसी आक्रामक मानसिकता का फायदा उठाने की कोशिश की है.
विपक्षी टीम के चाल में फंस रहे वैभव
एक और पहलू यह है कि वैभव जरूरत से ज्यादा हवाई शॉट खेलने पर निर्भर दिखाई देते हैं. सीमित ओवरों के क्रिकेट में बड़े शॉट अहम हैं, लेकिन लगातार हवा में खेलने से जोखिम भी बढ़ जाता है. विपक्षी टीमें उनकी इसी प्रवृत्ति के अनुसार फील्ड सजाकर दबाव बनाने में सफल रही हैं.
क्या फॉर्मेट के अनुसार खुद को ढाल पाएंगे वैभव
सबसे बड़ी चुनौती शायद फॉर्मेट के अनुसार खुद को ढालने की है. आईपीएल में टी20 क्रिकेट का जो आक्रामक टेम्पलेट उन्हें सफलता दिला रहा था, उससे बाहर निकलने में उन्हें समय लग रहा है. वनडे प्रारूप में लंबी पारी खेलने, स्ट्राइक रोटेट करने और हालात के अनुसार बल्लेबाजी करने की जरूरत होती है. विरोधी टीमों ने अब उनके खिलाफ स्पष्ट रणनीति बना ली है. स्पिन से लुभाओ, तेज गेंदबाजों से शॉर्ट बॉल कराओ और उन्हें गलती करने पर मजबूर करो.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी से भिड़ना पड़ा भारी, श्रीलंकाई खिलाड़ी पर गिरी गाज; मैच रेफरी ने सुनाई सजा
