Vaibhav Sooryavanshi Fielding: श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया ए के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी भले ही बल्ले से बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन मैदान पर उनकी फुर्ती ने सभी का दिल जीत लिया. अफगानिस्तान ए के खिलाफ अहम मुकाबले में वैभव ने एक शानदार कैच पकड़कर मैच का रुख बदलने में योगदान दिया और अपनी फिटनेस पर सवाल उठाने वालों को भी करारा जवाब दिया. वैभव के इस कैच के साथ भारत ने जल्द ही अफगानिस्तान को समेट दिया. भारत ने इस मुकाबले को 101 रन से जीत लिया.
मिडविकेट पर दिखी कमाल की चुस्ती
अफगानिस्तान ए की पारी के छठे ओवर में अंशुल कांबोज गेंदबाजी कर रहे थे. ओवर की चौथी गेंद पर बल्लेबाज खालिद तानीवाल ने पुल शॉट खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले के सही हिस्से पर नहीं लगी और हवा में उछल गई. मिडविकेट पर तैनात वैभव सूर्यवंशी ने गेंद तक पहुंचने के लिए शानदार प्रयास किया. शुरुआत में ऐसा लगा कि कैच उनके हाथों से निकल जाएगा, क्योंकि गेंद उनकी हथेलियों से टकराकर पीछे की ओर चली गई थी.
हवा में पलटे और पूरा किया कैच
कैच छूटता देख वैभव ने हार नहीं मानी. उन्होंने बिजली जैसी तेजी दिखाई और हवा में ही अपने शरीर का संतुलन बदलते हुए पीछे की तरफ छलांग लगा दी. इसके बाद जमीन से कुछ इंच ऊपर दाएं हाथ से गेंद को लपक लिया. उनका यह प्रयास इतना शानदार था कि मैदान पर मौजूद सभी खिलाड़ी कुछ पल के लिए हैरान रह गए. इस बेहतरीन कैच के साथ खालिद तानीवाल की 10 गेंदों में 13 रन की पारी का अंत हो गया.
बल्ले से नहीं, फील्डिंग से बटोरी सुर्खियां
त्रिकोणीय सीरीज में वैभव सूर्यवंशी अब तक बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं और एक बार फिर अर्धशतक से चूक गए. हालांकि, अफगानिस्तान ए के खिलाफ उनकी फील्डिंग ने यह साबित कर दिया कि वह सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि मैदान पर अपने हर विभाग में टीम के लिए योगदान देने की क्षमता रखते हैं. 15 साल की उम्र में वैभव जिस आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ खेल रहे हैं, वह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छे संकेत माने जा रहे हैं.
मुकाबले का हाल
ट्राई नेशन ए सीरीज के 5वें मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 101 रन से हराकर लगभग फाइनल में पहुंच गई है. भारत ए के लिए प्रियांश आर्या ने 58, वैभव सूर्यवंशी ने 38, रुतुराज गायकवाड़ ने 30, तिलक वर्मा ने 59, कुमार कुशाग्र ने 58, निशांत सिंधु ने 21 और विपराज निगम ने 30 रन बनाए. दाऊदजई ने 2, सफी ने 2, जाहिर खान ने 1 और अहमदजई ने 2 विकेट चटकाए.
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए 218 रन ही बना सकी. अफगानिस्तान के लिए इमरान मीर ने 32, हसन ईसाखिल ने 14, खालिद तनिवाल 13, फैसल ने 46 और बाहिर शाह ने 57, मोहम्मद इशाक ने 16 और सफी ने 17 रन बनाए. भारत ए के लिए निशांत सिंधु ने 4, यश ठाकुर ने 2, अंशुल कंबोज ने 1, विपराज निगम ने 1, सूर्यंश शेडगे ने 1 और अनुकूल रॉय ने 1 विकेट चटकाए.
यह भी पढ़ें: IPL में हिट…ट्राई सीरीज में फ्लॉप, वैभव सूर्यवंशी की ये गलतियां कहीं ले न डुबे उनका करियर
