श्रीलंकाई क्रिकेटर धनुष्का गुणतिलका को मिली जमानत, यौन उत्पीड़न मामले में हुए थे गिरफ्तार

श्रीलंका के निलंबित क्रिकेटर धनुष्का गुणतिलका को ऑस्ट्रेलिया की अदालत से शर्तों के साथ जमानत मिल गयी है. उनके सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगा दी गयी है. गुणतिलका पर एक महिला के यौन उत्पीड़न का आरोप है और उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के दौरान गिरफ्तार किया गया था.

श्रीलंकाई क्रिकेटर धनुष्का गुणतिलका को ऑस्ट्रेलिया में टीम के टी20 विश्व कप अभियान के दौरान एक महिला से कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में गुरुवार को जमानत दे दी गयी है. लेकिन मुकदमे की सुनवाई के दौरान उन्हें सोशल मीडिया अकाउंट के इस्तेमाल से प्रतिबंधित कर दिया गया है. ईएसपीएनक्रिकइंफो की रिपोर्ट के अनुसार निलंबित हुए गुणतिलका सात नवंबर को जमानत देने से इनकार किये जाने के बाद से ‘पार्कलिया करेक्शनल सेंटर’ में हिरासत में है और वह वहीं से वीडियो लिंक से सिडनी की डाउनिंग सेंटर कोर्ट में पेश हुए.

6 नवंबर को हुई थी गिरफ्तारी

धनुष्का गुणतिलका (31 वर्ष) को छह नवंबर को तड़के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. रिपोर्ट के अनुसार, ‘मजिस्ट्रेट जानेट वाहलक्विस्ट ने गुरुवार को सिडनी के डाउनिंग सेंटर कोर्ट में गुणतिलका को जमानत दी जसमें वह पार्कलिया जेल से ‘ऑडियोविजुअल लिंक’ से पेश हुए थे. इसके मुताबिक, ‘पुलिस अभियोजक केरी एन मैकिनोन ने इस आधार पर गुणतिलका को जमानत देने का विरोध किया था कि वह शिकायतकर्ता की सुरक्षा के लिये खतरा हो सकता है जिसकी पहचान कानूनी कारणों से नहीं की जा सकती.’

Also Read: धनुष्का गुणातिलक मामले की जांच करेगी तीन सदस्यीय समिति, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने कही यह बात
बिना सहमति के यौन संबंध बनाने का मामला

गुणतिलका पर बिना सहमति के यौन संबंध बनाने के लिये चार मामले चल रहे हैं. टिंडर, सोशल मीडिया और डेटिंग एप के इस्तेमाल पर प्रतिबंध के अलावा जमानत की शर्तों में 150,000 आस्ट्रेलियाई डॉलर (100,620 डॉलर) देना, पासपोर्ट ‘सरेंडर’ करना, पुलिस में दो बार रिपोर्ट करना, रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक ‘कर्फ्यू’ और शिकायतकर्ता सें संपर्क नहीं करना शामिल हैं. श्रीलंकाई क्रिकेट बोर्ड ने गुणतिलका को उनकी गिरफ्तारी के तुरंत बाद क्रिकेट के सभी प्रारूपों से निलंबित कर दिया था.

पीड़िता का गला भी दबाया

रिपोर्ट में पुलिस दस्तावेजों का हवाला देते हुए लिखा गया कि गुणतिलका ने यौन उत्पीड़न के दौरान पीड़िता का बार-बार गला दबाया क्योंकि उन्हें अपने पकड़े जाने का डर था. गुणतिलका पर आरोप साबित होने पर अधिकतम 14 साल की सजा हो सकती है. बाएं हाथ का बल्लेबाज गुणतिलका श्रीलंका के पहले दौर के मैच में नामीबिया के खिलाफ खेला था और वह खाता खोले बिना आउट हो गया था. इसके बाद वह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया था.

Also Read: होटल में बलात्कार का आरोप लगने के बाद श्रीलंकाई क्रिकेटर गुणतिलका निलंबित
ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर महिला से हुआ था संपर्क

स्थानीय मीडिया के अनुसार गुणतिलका और महिला ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए पिछले कई दिनों से एक दूसरे के संपर्क में थे. गुणतिलका का विवादों से पुराना नाता रहा है. इससे पहले 2021 में इंग्लैंड दौरे में अपने साथी कुसाल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के साथ टीम के जैव सुरक्षित वातावरण का उल्लंघन करने के कारण श्रीलंका बोर्ड ने उसे एक साल के लिए निलंबित कर दिया था. बोर्ड ने 2018 में भी टीम के नियमों का उल्लंघन करने पर छह माह के लिए प्रतिबंधित कर दिया था.

2017 में भी हुआ था निलंबित

उसी वर्ष गुणतिलका को निलंबन झेलना पड़ा था क्योंकि उसके एक अज्ञात दोस्त पर नार्वे की महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा था. बोर्ड ने 2017 में भी अभ्यास सत्र में नहीं आने और एक मैच के लिए क्रिकेट के अपने सामान के बिना पहुंचने पर गुणतिलका को सीमित ओवरों के छह मैचों के लिए निलंबित कर दिया था. गुणतिलका ने श्रीलंका की तरफ से आठ टेस्ट, 47 वनडे और 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >