IPL 2026: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आईपीएल पर भी पड़ सकता है. ईंधन बचाने के लिए टूर्नामेंट के बाकी बचे मैचों के शेड्यूल को बदलने की मांग की जा रही है. हालांकि, अभी तक बीसीसीई ने इस पर कोई बयान जारी नहीं किया है.
खेल मंत्री को लिखा गया पत्र
28 मार्च से शुरू हुए IPL 2026 के मैचों के लिए टीमें लगातार एक शहर से दूसरे शहर का सफर कर रही हैं. अब तक खिलाड़ी हवाई और सड़क मार्ग से लाखों किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं. अलग-अलग शहरों में मैच होने की वजह से यह सफर जरूरी भी था. लेकिन, अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण हालात बदल गए हैं. ऐसे संकट के समय में हवाई यात्राओं का यह दौर भारत सरकार पर अतिरिक्त दबाव बना सकता है.इसी समस्या को देखते हुए व्यापारियों के प्रमुख संगठन ‘चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री’ के चेयरमैन बृजेश गोयल ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को एक चिट्ठी लिखी है. इस पत्र में उन्होंने मांग की है कि खिलाड़ियों की हवाई यात्राओं में कटौती करने के लिए IPL के बचे हुए मैचों का एक नया शेड्यूल जारी किया जाए.
IPL के बाकी बचे मैच बिना दर्शकों के कराने की मांग
बृजेश गोयल ने खेल मंत्री से यह भी मांग की है कि IPL के बाकी बचे मुकाबले सिर्फ कुछ ही मैदानों पर कराए जाएं और वहां दर्शकों को आने की इजाजत न दी जाए. उन्होंने कोरोना काल का हवाला देते हुए कहा कि आयोजकों ने कम से कम मैदानों का इस्तेमाल करके IPL का सफल आयोजन कराया था.उन्होंने तर्क दिया कि एक मैच को देखने के लिए औसतन लगभग 50,000 दर्शक आते हैं. जिससे हजारों लीटर पेट्रोल और डीजल की खपत होती है. अगर मैच खाली स्टेडियम में कराए जाएं, तो इस ईंधन की एक बड़ी बचत की जा सकती है.
IPL टीमों के हवाई सफर में कितना ईंधन का इस्तेमाल
1 घंटे का खर्च: IPL टीमें मैच के लिए जिस चार्टर्ड प्लेन (जैसे Boeing 737 या Airbus A320) से सफर करती हैं, वह 1 घंटे में लगभग 2,400 से 3,000 लीटर ईंधन (ATF) पी जाता है.
एक उड़ान (2 घंटे) का खर्च: आमतौर पर एक शहर से दूसरे शहर जाने में अगर 2 घंटे का समय लगता है, तो एक बार की उड़ान में करीब 5,000 से 6,000 लीटर ईंधन खर्च होता है.
वजन या दूरी बढ़ने पर: अगर विमान बड़ा हो, दूरी लंबी हो या सामान का वजन ज्यादा हो, तो यही खर्च बढ़कर 7,000 से 8,000 लीटर तक पहुंच जाता है.
पूरी लीग (10 यात्राओं) का कुल खर्च: आईपीएल के सीजन में एक टीम औसतन 10 बार हवाई यात्रा करती है. इस हिसाब से सिर्फ एक टीम पूरे टूर्नामेंट में लगभग 50,000 से 70,000 लीटर ईंधन खर्च कर देती है.
