इंग्लैंड को हराकर भारत फाइनल में, 8 मार्च को न्यूजीलैंड से खिताबी भिड़ंत

India vs England: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में गुरुवार को भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हरा दिया. अंग्रेजों को हराकर भारत ने फाइनल का टिकट कटा लिया. अब फाइनल मुकाबले में 8 मार्च को न्यूजीलैंड के साथ खिताबी भिड़ंत होगी.

India vs England: सांस रोक देने वाले मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 253 रन बनाया था. जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर केवल 246 रन बना पाई. आखिरी ओवर में इंग्लैंड की टीम को जीत के लिए 29 रन चाहिए थे, लेकिन केवल 22 रन ही बना पाई. 20वां ओवर शिवम दुबे ने डाला. जिसमें इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने तीन छक्के जमाया.

8 मार्च को भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च को भिड़ंत होगी. मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से खेला जाएगा.

भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने दो विकेट चटकाए

भारत की ओर से हार्दिक पांड्या ने सबसे अधिक दो विकेट चटकाए. जबकि अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, बुमराह और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट लिया.

शिवम दुबे सबसे महंगे गेंदबाज

शिवम दुबे भारत की ओर से सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए उन्होंने एक ओवर में 22 रन लुटाए. वरुण चक्रवर्ती ने 16 के औसत से रन लुटाए. चार ओवर में चक्रवर्ती ने 64 रन दिए. अक्षर पटेल ने 3 ओवर में 35 रन और अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 51 रन लुटाए.

जैकब बेथेल ने तूफानी शतक जमाया

जैकब बेथेल ने इंग्लैंड की ओर से 105 रन बनाया. बेथेल ने 48 गेंदों का सामना किया, जिसमें 8 चौकों और 7 छक्के जमाया. जैकब बेथेल ने 46 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया. अर्शदीप सिंह की गेंद पर अक्षर पटेल ने विल जैक्स का असंभव कैच लपका. जिससे मैच में भारत की वापसी हो गई. जैक्स ने अर्शदीप की गेंद को उठाकर मारा, जिसपर बाउंड्री के पास दूर से दौड़ लगातार अक्षर पटले ने कैच लपका, लेकिन खुद को संभाल नहीं पाए, आखिर में उन्होंने बॉल को हवा में उछाल दिया, जिसे पास खड़े शिवम दुबे ने कैच किया. अक्षर पटेल ने कैच लेकर मैच में जान डाल दी. जैक्स और जैकब बेथेल की जोड़ी काफी खतरनाक हो गई थी. जैक्स ने 4 चौके और दो छक्कों की मदद से 20 गेंद पर 35 रन बनाया. अक्षर पटेल ने टॉम बैंटन को बोल्ड आउट किया. इससे पहले बैंटन ने अक्षर को लगातार दो छक्का जमाया. बैंटन ने 5 गेंदों में दो छक्के और एक चौके की मदद से 17 रन बनाया. फिलिप साल्ट को हार्दिक पांड्या ने 5 के स्कोर पर आउट किया. जबकि बुमराह ने हैरी ब्रुक को 7 रन पर आउट किया. वरुण चक्रवर्ती ने 6ठे ओवर में इंग्लैंड को तीसरा झटका दिया. वरुण ने जोस बटलर को 25 के स्कोर पर अपना शिकार बनाया. इससे पहले जैकब बेथेल ने वरुण को लगातार तीन छक्का जमाया था. बटलर ने 4 चौके और एक छक्के की मदद से 17 गेंदों में 25 रन बनाए.

भारत ने इंग्लैंड को दिया 254 रन का टारगेट

संजू सैमसन की 89 रनों की अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने 7 विकेट खोकर 253 रन का स्कोर खड़ा किया. इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 254 रन का टारगेट है. सैमसन ने 42 गेंदों में 8 चौके और 7 छक्कों की मदद से 89 रन बनाए. जबकि ईशान किशन ने 39, शिवम दुबे 43, सूर्यकुमार यादव 11, हार्दिक पांड्या 27, तिलक वर्मा 21 और अक्षर पटेल ने दो रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स और आदिल राशिद ने दो-दो विकेट चटकाए. जबकि जोफ्रा ने एक विकेट लिए. आर्चर ने 61 और सैम करन ने 53 रन लुटाए.

भारत ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप में बनाया टॉप स्कोर

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में तीसरा बार सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया. मौजूदा वर्ल्ड कप में भारत ने जिंबाब्वे के खिलाफ 256 रन का स्कोर बनाया, जो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है. उसके बाद जिंबाब्वे के खिलाफ की 254 रन का स्कोर बनाया था. फिर इंग्लैंड के खिलाफ 253 रन का स्कोर बनाया.

टी20 वर्ल्ड कप का टॉप स्कोर

260/6 – श्रीलंका बनाम केन्या, जोहान्सबर्ग, 2007;
256/4 – भारत बनाम जिम्बाब्वे, चेन्नई, 2026;
254/6 – वेस्ट इंडीज बनाम जिम्बाब्वे, मुंबई विश्व कप, 2026;
253/7 – भारत बनाम इंग्लैंड, मुंबई विश्व कप, 2026; सेमीफाइनल:
235/5 – आयरलैंड बनाम ओमान, कोलंबो सेमीफाइनल, 2026.

तिलक वर्मा ने जोफ्रा आर्चर के ओवर में छक्कों की बरसात कर दी

तिलक वर्मा ने जोफ्रा आर्चर के ओवर में छक्कों की बरसात कर दी. आर्चर को तिलक ने तीन छक्के मारे, हालांकि उसके बाद अर्चर ने उन्हें बोल्ड कर दिया. तिलक ने 7 गेंदों में 3 छक्कों की मदद से 21 रन बनाए. भारत को 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर पांचवां झटका लगा. शिवम दुबे जो 25 गेंद पर 43 रन बनाकर खेल रहे थे सैम करन के थ्रो पर रन आउट हुए. भारत को 16वें ओवर की चौथी गेंद पर आदिल राशिद ने चौथा झटका दिया. सूर्यकुमार यादव को स्टंप आउट किया. सूर्या ने 6 गेंद में 1 छक्के की मदद से 11 रन बनाए. भारत को 14वें ओवर की पहली गेंद पर सबसे बड़ा झटका लगा. संजू सैमसन 42 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए. सैमसन ने अपनी पारी में 7 छक्के और 8 चौके जमाए. सैमसन को विल जैक्स ने आउट किया. 10वें ओवर में भारत को दूसरा झटका लगा है. ईशान किशन 18 गेंदों में 4 चौके और दो छक्कों की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए. आदिल राशिद ने ईशान का विकेट चटकाया. भारत के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने तूफानी बैटिंग करते हुए 26 गेंदों में अपना अर्धशतक जमाया. पावर प्ले में भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा का विकेट गंवाया और 67 रन का स्कोर बनाया. भारत को दूसरे ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा. अभिषेक का फ्लॉप शो जारी रहा. दो चौकों की मदद से केवल 9 रन बनाकर आउट हुए. अभिषेक को विल जैक्स ने अपना शिकार बनाया.

भारतीय टीम ने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया

इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने प्लेइंग में कोई बदलाव नहीं किया है. जबकि इंग्लैंड की टीम में एक बदलाव किया गया है. टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाने के लिए भारत और इंग्लैंड की टीम आज के मुकाबले को हर हाल में जीतना चाहेगी. जबकि दक्षिण अफ्रीका को हराकर न्यूजीलैंड की टीम पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है.

भारत (प्लेइंग इलेवन)

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रित बुमरा.

इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन)

फिलिप साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रुक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम कुरेन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद.

वानखेड़े की पिच कैसी है?

पिच पर हल्की घास है. एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद है. इसी टीम के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने एक साल पहले शानदार शतक जड़ा था. भारत अपने सलामी बल्लेबाज से इसी तरह के धमाके की उम्मीद करेगा.

टी20 अंतराष्ट्रीय मुकाबले में इंग्लैंड पर भारी पड़ा है भारत

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में इंग्लैंड पर भारत हमेशा भारी पड़ा है. अब तक दोनों टीमों के बीच जितने भी टी20 मैच खेले गए हैं, उसमें 17 में भारत और 12 में इंग्लैंड की टीम को जीत मिली है. टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने 3 बार इंग्लैंड को हराया है, जबकि इंग्लैंड ने भारत को दो मौकों पर हराया है. भारत में खेले गए मुकाबले में भारत ने 10 बार इंग्लैंड को हराया, जबकि इंग्लैंड केवल 6 बार भारत को हराया है. पिछले 10 मुकाबले में भी भारत का पलड़ा भारी है. भारत ने 7 और इंग्लैंड 3 मैच जीता है.

वानखेड़े का टी20 में कैसा रहा है रिकॉर्ड?

वानखेड़े स्टेडियम में अब तक कुल 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले गए हैं. जिसमें 8 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है. जबकि 8 बार दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ArbindKumar Mishra

मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >