विहान के 4 विकेट से हारा बांग्लादेश, भारत ने 18 रन से दर्ज की रोमांचक जीत; वैभव ने रचा नया इतिहास

विहान मल्होत्रा की घातक गेंदबाजी (4 विकेट) और 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के वर्ल्ड रिकॉर्ड अर्धशतक की बदौलत भारत ने बांग्लादेश को 18 रनों से हरा दिया. बारिश से प्रभावित इस रोमांचक मैच में भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की.

आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 18 रनों से हरा दिया. शनिवार को खेले गए इस मैच में बारिश ने बार-बार खलल डाला, जिसके बाद बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम ((DLS Method) के तहत 29 ओवर में 165 रनों का टारगेट मिला. भारत के गेंदबाज विहान मल्होत्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 14 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. यह इस टूर्नामेंट में भारत की लगातार दूसरी जीत है, इससे पहले टीम ने अमेरिका को हराया था.

बारिश के कारण बदला गया लक्ष्य 

बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज जवाद अबरार को दीपेश देवंद्रन ने पहले ही ओवर में चलता किया. इसके बाद रिफत बेग (37) और अजीज़ुल हकीम तमीम (51) ने पारी को संभाला और टीम का स्कोर 100 के पार पहुँचाया. जब बांग्लादेश का स्कोर 18वें ओवर में 2 विकेट पर 78 रन था, तब तेज बारिश आ गई. काफी देर बाद जब खेल दोबारा शुरू हुआ, तो अंपायरों ने बांग्लादेश के लिए 29 ओवर में 165 रनों का नया लक्ष्य तय किया.

बांग्लादेशी टीम 28.3 ओवर में 146 रनों पर सिमट गई

नए लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेशी टीम विहान मल्होत्रा की गेंदबाजी के सामने टिक नहीं पाई. विहान ने कलाम सिद्दीकी (15) और फिर परवेज जिबोन (7) को आउट कर मैच का पासा पलट दिया. खिलन पटेल ने अर्धशतक जमा चुके तमीम को आउट करके भारत की राह आसान कर दी. इसके बाद बांग्लादेशी विकेट ताश के पत्तों की तरह गिरते चले गए. टीम ने अपने आखिरी 6 विकेट सिर्फ 21 रनों के अंदर गंवा दिए और पूरी टीम 28.3 ओवर में 146 रनों पर सिमट गई. भारत के लिए खिलन पटेल ने दो, जबकि कनिष्क, हेनिल और दीपेश ने एक-एक विकेट लिया.

14 साल के वैभव का नया रिकॉर्ड 

इससे पहले भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान आयुष म्हात्रे (6) और वेदांत त्रिवेदी (0) जल्दी आउट हो गए. इसके बाद 14 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मोर्चा संभाला. वैभव ने सिर्फ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 14 साल 296 दिन की उम्र में ऐसा करने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बने. उन्होंने 67 गेंदों में 72 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल थे. अपनी इस पारी के दौरान वैभव ने यूथ वनडे में 1000 रन भी पूरे कर लिए.

अभिज्ञान कुंडू की जुझारू पारी

वैभव के आउट होने के बाद अभिज्ञान कुंडू ने जिम्मेदारी उठाई. उन्होंने 112 गेंदों में 80 रनों की बेहद धैर्यपूर्ण पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे. अभिज्ञान और कनिष्क चौहान (28) के बीच हुई साझेदारी की मदद से भारत ने 238 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया. बांग्लादेश की ओर से अल फहाद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 38 रन देकर 5 विकेट झटके. बारिश के कारण भारत की पारी को 49 ओवर का कर दिया गया था और टीम 48.4 ओवर में ऑलआउट हो गई.

टॉस के समय दिखा बीसीसीआई और बीसीबी का तनाव 

मैच की शुरुआत एक चर्चा के साथ हुई. मैदान पर जब भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे और बांग्लादेश के उप-कप्तान जवाद अबरार टॉस के लिए आए, तो दोनों ने एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाया. इस घटना ने सबका ध्यान खींचा, जिसे भारत और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच चल रहे मौजूदा तनाव (ICC T20 वर्ल्ड कप विवाद) से जोड़कर देखा जा रहा है. खेल भावना के लिहाज से इस पल की काफी चर्चा हो रही है.

ये भी पढ़ें:

U19 World Cup: वैभव ने कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा, 20 पारियों में कर दिया बड़ा खेल

गजब बेइज्जती है! BBLमें पाकिस्तान की फजीहत, स्मिथ ने बाबर को मैदान पर सुनाया, Video Viral

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Govind Jee

गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >