IND vs NZ 2nd T20: ईशान-सूर्या की फिफ्टी, रायपुर में टीम इंडिया की 7 विकेट से जीत

IND vs NZ 2nd T20: रायपुर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा मुकाबला खेला गया. टीम इंडिया ने इस मैच को 7 विकेट से अपने नाम किया. टी20 सीरीज में भारत अब 2-0 से आगे है. भारत की ओर से कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन ने शानदार फिफ्टी लगाई.

IND vs NZ 2nd T20: रायपुर के मैदान पर भारतीय बल्लेबाजों ने कमाल कर दिया है. भारत ने न्यूजीलैंड को दूसरे टी20 मैच में 7 विकेट से हराकर धमाकेदार जीत दर्ज की. टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी टीम इंडिया के सामने न्यूजीलैंड ने 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, लेकिन भारतीय शेरों ने इस पहाड़ जैसे लक्ष्य को भी छोटा साबित कर दिया. जहां एक तरफ ईशान किशन ने अपनी वापसी का जश्न मनाते हुए कीवी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं, वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज पार कराई. भारत ने यह मैच 28 गेंद शेष रहते ही जीत लिया. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने सीरीज में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है.

ईशान किशन का तूफानी ‘कमबैक’

लंबे समय बाद टीम में वापसी कर रहे ईशान किशन अलग ही मूड में नजर आए. हालांकि भारत की शुरुआत खराब रही थी और अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे, लेकिन ईशान पर इसका कोई असर नहीं पड़ा. उन्होंने आते ही मैदान के चारों तरफ शॉट्स लगाने शुरू कर दिए. ईशान ने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर आलोचकों को करारा जवाब दिया. उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 2 छक्के लगाए. 240 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए ईशान ने 32 गेंदों में 78 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. उनके आउट होने से पहले ही भारत जीत की पटरी पर सरपट दौड़ने लगा था. ईश सोढ़ी की गेंद पर आउट होने से पहले उन्होंने मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया था.

कप्तान सूर्या ने खत्म किया 14 महीने का सूखा

ईशान के आउट होने के बाद जिम्मेदारी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने कंधों पर ले ली. सूर्या ने दिखा दिया कि उन्हें टी20 का सबसे खतरनाक बल्लेबाज क्यों कहा जाता है. उन्होंने भी कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और महज 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. यह उनके लिए खास था क्योंकि पिछले 14 महीनों और 23 पारियों के बाद उनके बल्ले से पचासा निकला है. सूर्या अंत तक क्रीज पर डटे रहे और 82 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे. उन्होंने शिवम दुबे के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे. शिवम दुबे ने भी बहती गंगा में हाथ धोते हुए 18 गेंदों में 36 रन कूट दिए और एक शानदार छक्का भी लगाया.

संजू का मौका और खराब किस्मत

जहां बाकी बल्लेबाजों ने रायपुर में रनों की बारिश की, वहीं संजू सैमसन एक बार फिर मौके का फायदा उठाने में चूक गए. उन्हें जीवनदान भी मिला था, लेकिन वो अपनी पारी को लंबा नहीं खींच पाए और सिर्फ 6 रन बनाकर चलते बने. मैट हेनरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए संजू को पवेलियन भेजा. अभिषेक शर्मा और संजू के जल्दी आउट होने के बाद एक समय लगा था कि भारत दबाव में आ सकता है, लेकिन ईशान और सूर्या की जोड़ी ने न्यूजीलैंड के मंसूबों पर पानी फेर दिया.

गेंदबाजों के लिए मुश्किल रहा दिन

इससे पहले, न्यूजीलैंड ने बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 208 रन टांगे थे. भारत के लिए अर्शदीप सिंह काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने अपने 4 ओवर में 53 रन लुटा दिए. कीवी टीम की तरफ से रचिन रवींद्र ने 44 और आखिरी के ओवरों में कप्तान मिचेल सेंटनर ने नाबाद 47 रन बनाकर स्कोर को 200 के पार पहुंचाया था. फॉल्क्स ने भी 15 रन का योगदान दिया. भारत की तरफ से कप्तान ने गेंदबाजी में बदलाव करते हुए अक्षर पटेल की जगह कुलदीप यादव और बुमराह की जगह युवा हर्षित राणा को मौका दिया था, लेकिन असली जीत का सेहरा तो भारतीय बल्लेबाजों के सिर ही बंधा.

ये भी पढ़ें-

IND vs NZ 2nd T20: भारत को मिला 209 रन का लक्ष्य, सेंटनर ने खेली कप्तानी पारी

IND vs NZ 2nd T20: भारत ने जीता टॉस, न्यूजीलैंड की बैटिंग, बुमराह और अक्षर प्लेइंग XI से बाहर

T20 World Cup 2026: क्या बांग्लादेश पर गिरेगी गाज? भारत आने से इनकार पर जय शाह सख्त

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Varshney

आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >