Asia Cup 2022: हांगकांग पर रिकॉर्ड जीत के साथ पाकिस्तान सुपर फोर में, अगला मुकाबला भारत से

पाकिस्तान ने हांगकांग पर रिकॉर्ड 155 रनों से जीत दर्ज कर सुपर फोर में जगह बना ली. पाकिस्तान का अगला मुकाबला अब रविवार को भारत के खिलाफ होगा. भारत पहले ही अपने दोनों मुकाबले जीतकर सुपर चार में पहुंच चुका है. ग्रुप बी से अफगानिस्तान और श्रीलंका सुपर फोर में पहुंचे हैं.

शारजाह : पाकिस्तान ने एशिया कप (Asia Cup 2022) के महत्वपूर्ण मुकाबले में शुक्रवार को हांगकांग पर 155 रन से एकतरफा जीत दर्ज करके सुपर फोर चरण में प्रवेश कर लिया और अब रविवार को उसका सामना भारत से होगा. धीमी शुरुआत से उबरकर पाकिस्तान ने सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के 57 गेंद में 78 रन की मदद से दो विकेट पर 193 रन बनाये. जवाब में हांगकांग की टीम 10.4 ओवर में 38 रन पर आउट हो गयी. पाकिस्तान ग्रुप ए से दूसरे स्थान पर रहकर सुपर फोर में पहुंचा है.

टी-20 आई में पाकिस्तान की सबसे बड़ी जीत

टी-20 प्रारूप में यह पाकिस्तान की सबसे बड़ी जीत है. अब उसका सामना ग्रुप ए की शीर्ष टीम भारत से रविवार को होगा. भारत के खिलाफ कुछ बेहतर बल्लेबाजी करने वाली हांगकांग टीम पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. नसीम शाह ने तीसरे ओवर में दो विकेट लिये. इसके बाद स्पिनर शादाब खान ने दो ओवर में आठ रन देकर चार और मोहम्मद नवाज ने पांच रन देकर तीन विकेट चटकाये.

Also Read: Asia Cup 2022: टीम इंडिया को बड़ा झटका, रवींद्र जडेजा चोट के कारण एशिया कप से बाहर
हांगकांग ने शुरुआत में पाकिस्तान पर बनाया दबाव

इससे पहले हांगकांग के गेंदबाजों ने जिस तरह भारतीय बल्लेबाजों को दबाव में ला दिया था, उसी तरह पाकिस्तान को अच्छी शुरूआत नहीं करने दी. रिजवान और फखर जमान के लिये चौके छक्के लगाना मुश्किल हो गया था. पाकिस्तान ने पहले दस ओवर में एक विकेट पर 64 रन बनाये. जमां ने 41 गेंद में 53 रन बनाये जबकि खुशदिल शाह ने आखिर में 15 गेंद में 35 रन बनाकर पाकिस्तान को मजबूत स्कोर दिया. पाक कप्तान बाबर आजम एक बार फिर नाकाम रहे और नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गये.

फखर जमान ने भी खेली तेज पारी

रन गति बढ़ाने के चक्कर में उन्होंने स्पिनर एहसान खान की गेंद पर हवा में शॉट खेला और गेंदबाज ने अपने दाहिने ओर डाइव लगाकर कैच लपका. रिजवान ने पहला चौका पांचवें ओवर में मध्यम तेज गेंदबाज आयुष शुक्ला को जड़ा. पाकिस्तानी पारी का पहला छक्का 11वें ओवर में रिजवान ने लेग स्पिनर मोहम्मद गजांफर को लगाया. फखर ने स्पिनरों को दो छक्के लगाकर रनगति को बढ़ाया.

Also Read: Asia Cup 2022: टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में पहुंचे हांगकांग प्लेयर्स ने खिंचवाई तस्वीरें, देखें विडियो
आखिरी ओवर में पाकिस्तान ने बनाये 29 रन

गर्मी और उमस से जूझ रहे रिजवान ने अर्धशतक जड़ने के बाद तेज खेलना शुरू किया. हांगकांग के गेंदबाज अनुभवहीनता के कारण डैथ ओवरों में लय खो बैठे. पाकिस्तान ने आखिरी पांच ओवरों में 77 रन बनाये. ऐजाज खान के डाले 20वें ओवर में ही 29 रन बन गये जिसमें पांच बाइ और खुशदिल के जड़े चार छक्के शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >