वर्षा प्रभावित मुकाबले में KKR ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया, फाइनल में पहुंचने के लिए भिड़ना होगा मुंबई से
बेंगलुरु : नाथन कोल्टर नाइल और उमेश यादव की तूफानी गेंदबाजी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के वर्षा से प्रभावित एलिमिनेटर मुकाबले में गत चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद को डकवर्थ लुईस पद्धति के आधार पर सात विकेट से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई जहां उसका सामना मुंबई इंडियन्स से होगा. सनराइजर्स की […]
वर्षा प्रभावित मुकाबले में KKR ने हैदराबाद को 7 विकेट से हराया, फाइनल में पहुंचने के लिए भिड़ना होगा मुंबई से
बेंगलुरु : नाथन कोल्टर नाइल और उमेश यादव की तूफानी गेंदबाजी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के वर्षा से प्रभावित एलिमिनेटर मुकाबले में गत चैम्पियन सनराइजर्स हैदराबाद को डकवर्थ लुईस पद्धति के आधार पर सात विकेट से हराकर दूसरे क्वालीफायर में जगह बनाई जहां उसका सामना मुंबई इंडियन्स से होगा.
सनराइजर्स की पारी खत्म होने के तुरंत बाद बारिश आ गई जिसके कारण तीन घंटे से अधिक समय तक खेल रुका रहा. मैच दोबारा शुरू होने पर केकेआर को छह ओवर में 48 रन बनाने का लक्ष्य मिला जो उसने कप्तान गौतम गंभीर (19 गेंद में नाबाद 32, दो छक्के, दो चौके) की पारी की बदौलत 5. 2 ओवर में तीन विकेट पर 48 रन बनाकर हासिल कर लिया. दूसरा क्वालीफायर 19 मई को यहीं एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा.
इससे पहले सनराइजर्स की टीम कोल्टर नाइल (20 रन पर तीन विकेट) और उमेश (21 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सात विकेट पर 128 रन ही बना सकी. पीयूष चावला और ट्रेंट बोल्ट ने एक-एक विकेट हासिल किया. सुनील नारायण ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में सिर्फ 20 रन खर्च किए.
सनराइजर्स का कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। टीम की ओर से कप्तान डेविड वार्नर ने सर्वाधिक 37 रन बनाए. उनके अलावा केन विलियमसन (24) और विजय शंकर (22) ही 20 रन के आंकडे को पार कर पाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए क्रिस लिन (06) ने भुवनेश्वर कुमार की पारी की दूसरी गेंद पर ही छक्का जडा लेकिन अगली गेंद पर विकेटकीपर नमन ओझा को कैच दे बैठे. बल्लेबाजी क्रम में उपर भेजे गए यूसुफ पठान (00) भी अगली गेंद पर रन आउट हो गए.
गंभीर ने भुवनेश्वर पर चौके के साथ खाता खोला लेकिन सलामी बल्लेबाज रोबिन उथप्पा (01) अगले ओवर में क्रिस जोर्डन की पहली गेंद पर ही डीप मिडविकेट पर शिखर धवन को कैच दे बैठे जिससे टीम का स्कोर तीन विकेट पर 12 रन हो गया. गंभीर ने इसके बाद जोर्डन पर विकेट के पीछे छक्का ज राशिद खान के अगले ओवर में सिर्फ छह रन बने.
केकेआर को अंतिम तीन ओवर में 21 रन की दरकार थी. गंभीर ने सिद्धार्थ कौल की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़कर केकेआर का पलड़ा भारी किया. राशिद के अगले ओवर में सिर्फ पांच रन बने. अंतिम ओवर में केकेआर को सिर्फ दो रन की जरुरत थी. गंभीर ने बिपुल शर्मा की पहली गेंद पर एक रन लिया और दूसरी गेंद पर इशांक जग्गी (नाबाद पांच) ने एक रन के साथ टीम को जीत दिला दी.
केकेआर के कप्तान गौतम गंभीर ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जिसके बाद सनराइजर्स की शुरुआत काफी धीमी रही. कप्तान वार्नर ने उमेश के पहले ओवर में चौका जड़ा और फिर बोल्ट की गेंद को भी बाउंड्री के दर्शन कराए लेकिन शिखर धवन (11) उमेश की गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर रोबिन उथप्पा को कैच दे बैठे.
सनराइजर्स की टीम पावर प्ले में एक विकेट पर 30 रन ही बना सकी जो मौजूदा सत्र का उसका दूसरा न्यूनतम स्कोर है. वार्नर और विलियमसन ने इसके बाद टीम का स्कोर 75 रन तक पहुंचाया. वार्नर ने चावला और नारायण पर छक्के जडे जबकि विलियमसन ने कोल्टर नाइल की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा.
सनराइजर्स को हालांकि तब दोहरा झटका लगा जब ये दोनों बल्लेबाज तीन गेंद में भीतर पवेलियन लौट गए. कोल्टर नाइल ने 12वें ओवर की अंतिम गेंद पर विलियमसन को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया जबकि चावला ने अगले ओवर की दूसरी गेंद पर वार्नर को बोल्ड कर दिया. वार्नर अपनी इस पारी के दौरान आईपीएल में 4000 रन पूरे करने वाले पहले विदेशी और कुल पांचवें बल्लेबाज बने. उनसे पहले सुरेश रैना, विराट कोहली, रोहित शर्मा और गौतम गंभीर यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं. विजय ने नारायण पर चौका जडने के बाद चावला पर छक्का भी मारा लेकिन उमेश ने युवराज सिंह (09) को चावला के हाथों कैच कराके हैदराबाद का स्कोर चार विकेट पर 99 रन कर दिया.
विजय भी 17 गेंद में 22 रन बनाने के बाद कोल्टर नाइल की गेंद पर सूर्यकुमार को लांग आन पर कैच दे बैठे. कोल्टर नाइल ने इसी ओवर में क्रिस जोर्डन (00) का अपनी ही गेंद पर कैच लपका. बोल्ट के अंतिम ओवर की अंतिम गेंद पर नमन ओझा (16) ने भी क्रिस लिन को कैच थमाया. सनराइजर्स की टीम अंतिम पांच ओवर में 30 रन ही बना सकी.