ICC अवॉर्ड में भारतीयों की झोली खाली, स्मिथ-डिविलियर्स वर्ष 2015 के बेस्‍ट क्रिकेटर

दुबई : आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटरों ने इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के सालाना पुरस्कारों में बाजी मारी जिसमें स्टीव स्मिथ वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और टेस्ट क्रिकेटर चुने गए जबकि भारतीयों की झोली खाली रही. स्मिथ आस्ट्रेलिया के चौथे और कुल 11वें खिलाडी बन गये जिन्हें वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर की सर […]

दुबई : आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटरों ने इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के सालाना पुरस्कारों में बाजी मारी जिसमें स्टीव स्मिथ वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और टेस्ट क्रिकेटर चुने गए जबकि भारतीयों की झोली खाली रही.

स्मिथ आस्ट्रेलिया के चौथे और कुल 11वें खिलाडी बन गये जिन्हें वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर की सर गारफील्ड सोबर्स ट्राफी मिली. उनसे पहले रिकी पोंटिंग ( 2006 और 2007 ), मिशेल जानसन ( 2009 और 2014 ), माइकल क्लार्क ( 2013 ) यह ट्राफी जीतने वाले आस्ट्रेलियाई क्रिकेटर हैं.
इनके अलावा राहुल द्रविड ( 2004 ) , एंड्रयू फ्लिंटाफ और जाक कैलिस ( 2005 ), शिवनारायण चंद्रपाल ( 2008 ), सचिन तेंदुलकर ( 2010 ) , जोनाथन ट्राट ( 2011 ) और कुमार संगकारा ( 2012 ) यह ट्राफी पा चुके हैं. स्मिथ को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर भी चुना गया. वह द्रविड ( 2004 ), कैलिस (2005 ), पोंटिंग ( 2006 ), संगकारा ( 2012 ), क्लार्क (2013 ) और जानसन ( 2014 ) के बाद एक ही साल में दो पुरस्कार पाने वाले सातवें क्रिकेटर बन गये.
दक्षिण अफ्रीका के वनडे कप्तान एबी डिविलियर्स को लगातार दूसरे साल वर्ष का सर्वश्रेष्ठ वनडे क्रिकेटर चुना गया.
18 सितंबर 2014 से 13 सितंबर 2015 की वोटिंग अवधि के दौरान स्मिथ ने टेस्ट में 13 मैचों में 82 . 57 की औसत से 1734 रन बनाये. इसमें सात शतक और छह अर्धशतक शामिल थे. उन्होंने 26 वनडे में 1249 रन बनाये जिनमें चार शतक और आठ अर्धशतक शामिल थे.
स्मिथ 2015 विश्व कप जीतने वाली आस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य थे. इससे पहले उन्हें वर्ष की आईसीसी टेस्ट और वनडे टीम में भी शामिल किया गया जिसका चयन आईसीसी चयन समिति ने किया. इसके अध्यक्ष भारत के पूर्व कप्तान और आईसीसी क्रिकेट समिति के प्रमुख अनिल कुंबले थे. स्मिथ ने पुरस्कार मिलने पर कहा ,‘‘ दुनिया में इतने सारे महान खिलाडी हैं लिहाजा मैं ये पुरस्कार पाकर काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं. टीम की सफलता हमेशा मेरा लक्ष्य रहा और इस तरह के पुरस्कार काफी खास होते हैं.

पिछले साल अपनी धरती पर आईसीसी विश्व कप जीतना खास रहा, मैं कप्तान भी बना लेकिन एशेज हारना निराशाजनक रहा.’ आईसीसी के मुख्य कार्यकारी डेविड रिचर्डसन ने स्मिथ को बधाई देते हुए कहा ,‘‘ मैं स्मिथ को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर और टेस्ट क्रिकेटर चुने जाने पर बधाई देता हूं. वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करता रहा और दूसरों के लिये प्रेरणास्रोत है.

मैं बाकी विजेताओं को भी बधाई देता हूं.’ डिविलियर्स ने वोटिंग अवधि में 20 पारियों में 1265 रन बनाये और उनका स्ट्राइक रेट 128 . 4 रहा. उन्होंने दो शतक और नौ अर्धशतक जमाये. इस महीने की शुरुआत में उन्हें आईसीसी वर्ष की वनडे टीम का कप्तान चुना गया था.डिविलियर्स ने कहा ,‘‘ यह मेरे लिये काफी सम्मान की बात है. यह साल यादगार रहा जिसमें हमने कई उपलब्धियों को हासिल किया लेकिन निराशा भी हाथ लगी.’

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >