नयी दिल्ली : पीसीबी अध्यक्ष शहरयार खान ने कहा है कि पाकिस्तान के लिए भारत में प्रस्तावित द्विपक्षीय श्रृंखला खेलना व्यावहारिक नहीं होगा जैसा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने सुझाव दिया है. शहरयार ने ही सबको बताया था कि बीसीसीआई अध्यक्ष शशांक मनोहर ने पीसीबी को पत्र लिखकर पाकिस्तान को दिसंबर में भारत में प्रस्तावित द्विपक्षीय श्रृंखला खेलने के लिए आमंत्रित किया है.
लेकिन शहरयार ने स्पष्ट किया कि यह श्रृंखला तभी संभव है अगर भारत यूएई में आकर खेले जहां लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर आतंकी हमले के बाद 2009 से वह अपने घरेलू मैच खेल रहा है.
शहरयार ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से कहा, ‘‘भारत में खेलने का सवाल ही नहीं उठता. मुझे अब भी यूएई में नहीं खेलने के कारण का इंतजार है.” उन्होंने कहा, ‘‘हम 2007 और 2012 में वहां गए. इस बार फिर ऐसा नहीं होगा. यह हमारी श्रृंखला है और हम अपने घरेलू स्थल पर खेलेंगे जो यूएई है. यूएई में खेलने में क्या समस्या है. उन्होंने अपना आईपीएल भी वहां खेला था तो फिर पाकिस्तान श्रृंखला क्यों नहीं.”
दोनों बोर्ड ने 2014 में सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए थे जिसके अनुसार पाकिस्तान को दो टेस्ट, पांच वनडे और दो टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए भारत की मेजबानी करनी है. हालांकि इस श्रृंखला के लिए सिर्फ एक महीने का समय उपलब्ध है क्योंकि भारत को 12 जनवरी से शुरु हो रही सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए आठ जनवरी को आस्ट्रेलिया जाना है.
भारत में द्विपक्षीय श्रृंखला पर अंतिम फैसला जिस तरह सरकार पर निर्भर करता है उसी तरह पीसीबी को भी प्रस्तावित श्रृंखला पर अंतिम फैसले के लिए अपनी सरकार से स्वीकृति की जरुरत पडेगी.
