प्ले ऑफ में शीर्ष पर पहुंचने के लिए चेन्नई सुपर किंग्स का कल दिल्ली डेयरडेविल्स से होगा मुकाबला
रायपुर : चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने पूरे फॉर्म में है, टीम इस कोशिश में है कि वह अंकतालिका में नंबर एक पर बनी रहे. कल उसका मुकाबला प्लेऑफ से बाहर हो चुकी टीम दिल्ली डेयरडेविल्स से होगा. बारह मैचों में आठ जीत और चार हार के बाद दो बार की चैंपियन चेन्नई अंकतालिका […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
रायपुर : चेन्नई सुपर किंग्स की टीम अपने पूरे फॉर्म में है, टीम इस कोशिश में है कि वह अंकतालिका में नंबर एक पर बनी रहे. कल उसका मुकाबला प्लेऑफ से बाहर हो चुकी टीम दिल्ली डेयरडेविल्स से होगा. बारह मैचों में आठ जीत और चार हार के बाद दो बार की चैंपियन चेन्नई अंकतालिका मेंशीर्ष पर है. वहीं दिल्ली 12 में से आठ मैच गंवाने के बाद नीचे से दूसरे स्थान पर है. पिछले चार मैचों में दिल्ली को लगातार हार का सामना करना पड़ा है.
उसे आखिरी जीत एक मई को किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मिली थी. दिल्ली का इस सत्र में प्रदर्शन बेहद खराब रहा है लेकिन अब प्लेॲफ की दौड़ से बाहर होने के बाद उसके पास खोने के लिए कुछ नहीं है. दूसरी ओर चेन्नई का प्रदर्शन अब तक बेहतरीन रहा है लिहाजा दिल्ली के लिए उसे हरा पाना आसान नहीं होगा. दिल्ली के लिए इस सत्र में कुछ भी अनुकूल नहीं रहा और 16 करोड़ में खरीदे गये युवराज सिंह बुरी तरह फ्लाप रहे हैं. कप्तान जेपी डुमिनी और सलामी बल्लेबाज किंटोन डिकाक भी नहीं चल पाये.
गेंदबाजी में तेज गेंदबाज जहीर खान ने बेहतर प्रदर्शन किया लेकिन आक्रमण में धार का अभाव दिखा.दूसरी ओर चेन्नई की कुछ कमजोरियां कल राजस्थान रायल्स के खिलाफ उजागर हुई लेकिन इसके बावजूद महेंद्र सिंह धौनी की टीम विजयी रही. कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने स्वीकार किया है कि उनकी टीम अच्छी शुरुआत के लिए न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम पर अत्यधिक निर्भर है जबकि ड्वेन स्मिथ अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाये हैं. चेन्नई के लिए तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्हें स्पिनर आर अश्विन और रवींद्र जडेजा से पूरा सहयोग मिला है. मौजूदा फार्म को देखते हुए चेन्नई का पलड़ा भारी है लेकिन चूंकि दिल्ली को आत्मसम्मान के लिए खेलना है तो वह उलटफेर कर सकती है.