नयी दिल्ली : टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर हैं. जहां कैरेबियाई टीम को टी20 में 3-0 से रौंदने के बाद अब वनडे सीरीज में मात देने के लिए तैयारी कर रहे हैं.
इस बीच कोहली का एक बाहुबली अवतार वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में कोहली को वेटलिफ्टिंग करते देखा जा सकता है. दरअसल कोहली ने इंस्टाग्राम और ट्विटर पर वर्कआउट करते अपना वीडियो पोस्ट किया है.
कोहली ने 2016 और 2019 के वर्कआउट वीडियो को एक साथ मिलाकर डाला है. वीडियो के साथ कोहली ने लिखा, वजन उठाने से पहले तकनीक को ठीक करने के लिए हमेशा अधिक समय लें. एक ही व्यायाम 3 वर्ष से करता आ रहा हूं. इस पर नियमित रूप से काम करने और लगातार तकनीक पर ध्यान केंद्रित करने से मेरी गतिशीलता और पूरे शरीर की स्ट्रेंथ में सुधार हुआ है. इसलिए हमेशा कुछ नया सीखने के लिए धैर्य रखें. स्वस्थ रहें स्वस्थ रहें.
मालूम हो विराट कोहली को सबसे फिट खिलाड़ी माना जाता है. कोहली बीच-बीच में सोशल मीडिया पर अपना वीडियो पोस्ट करते रहते हैं. युवा खिलाड़ी भी कोहली को अपना आदर्श मानते हैं.
गौरतलब हो विराट कोहली टीम इंडिया के साथ इस समय वेस्टइंडीज दौरे पर हैं. जहां भारत ने वेस्टइंडीज को टी20 सीरीज में 3-0 से हराया. वेस्टइंडीज के साथ टीम इंडिया वनडे और टेस्ट सीरीज में भी आमने-सामने होगी.
