आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 अब अंतिम पड़ाव पर आ गया है. आज क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. इंग्लैंड 27 साल बाद फाइनल में पहुंचा है तो वहीं न्यूजीलैंड लगातार दूसरी बार फाइनल में पहुंचा है. दोनों ही देशों ने आज तक कभी भी कभी वर्ल्ड कप नहीं जीता है. ऐसे में यह तय है कि इस बार वर्ल्ड क्रिकेट को नया चैम्पियन मिलेगा.
मैच से पहले न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर जिम्मी नीशम ने भारतीय क्रिकेट फैन्स से खास अपील की है. उन्होंने भारतीय फैन्स से फाइनल के टिकट महंगे दामों पर अमीरों को बेचने की बजाय, वास्तविक क्रिकेट फैन्स को देने के लिए कहा है. नीशम ने ऐसा इसलिए कहा है क्योंकि भारतीय क्रिकेट फैन्स ने फाइनल की टिकट पहले से ही खरीद कर रखे हुए हैं और उनको लग रहा है कि फैंस मैच से पहले टिकट को महंगे में बेच रहे हैं.
दरअसल इंग्लैंड में भारतीय फैंस की तादाद अधिक है. जब भी भारत का कोई मैच होता है तो पूरा स्टेडियम नीले रंग में रंग जाता है. भारतीय फैंस ने भी इस उम्मीद में फाइनल के टिकट पहले ही खरीद लिए थे कि मेन इन ब्लू लॉर्डस के मैदान पर खिताब के लिए उतरेगी. लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और फाइनल में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड आमने- सामने हो रही हैं.
इसी बीच टिकटों की रिसेल की बात सामने आयी. इस कारण न्यूजीलैंड के ऑल राउंडर जिम्मी नीशाम ने ट्वीट करके भारतीय फैंस से थोड़े से लाभ के लिए अपनी टिकट ना बेचने की अपील की है.
