Highlights
भारतीय टीम के पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में भारत के शानदार प्रदर्शन और संजू सैमसन (Sanju Samson) की बल्लेबाजी पर खुलकर बात की है. शुरुआती मैचों में खराब फॉर्म के बाद संजू ने जबरदस्त वापसी की है. उनके बेहतरीन खेल की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. आईसीसी की वेबसाइट के अनुसार रवि शास्त्री ने संजू को एक असली मैच विनर बताया है. संजू ने लगातार दो मैचों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का खिताब जीतकर खुद को साबित किया है.
शास्त्री ने बताया संजू की सफलता का राज
रवि शास्त्री ने आईसीसी रिव्यू में कहा कि संजू की हालिया सफलता का मुख्य कारण उनका लगातार अच्छा खेलना है. संजू अब बहुत सोच समझकर शॉट मारते हैं और अपनी ताकत पर पूरा भरोसा करते हैं. शास्त्री के अनुसार संजू के पास क्रिकेट का हर एक शॉट मौजूद है. पहले वह एकाग्रता खो देते थे जिससे उन्हें नुकसान होता था. लेकिन अब वह मानसिक रूप से काफी मजबूत हो गए हैं. जब से संजू टीम में आए हैं तब से किसी ने भी उनके टैलेंट पर शक नहीं किया है.
खराब शुरुआत के बाद की जोरदार वापसी
संजू सैमसन के लिए यह टूर्नामेंट शुरुआत में अच्छा नहीं रहा था. न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खराब फॉर्म के कारण उन्हें शुरुआत में टीम में जगह नहीं मिली थी. तब टीम में ओपनर के रूप में ईशान किशन और रिंकू सिंह को चुना गया था. लेकिन जब संजू को मौका मिला तो उन्होंने पीछे मुडकर नहीं देखा. वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 के एक बहुत जरुरी मैच में उन्होंने नाबाद 97 रन की मैच जिताऊ पारी खेली. इसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 42 गेंद पर 7 छक्के लगाकर 89 रन बनाए.
मैनेजमेंट को रवि शास्त्री की खास सलाह
रवि शास्त्री ने कहा कि संजू अभी सिर्फ 31 साल के हैं और वह अपने दम पर मैच जिता सकते हैं. सेमीफाइनल में संजू ने जैसी बल्लेबाजी की उसमे ताकत और क्लास दोनों दिखाई दी. शास्त्री ने टीम मैनेजमेंट से कहा कि वह संजू पर भरोसा बनाए रखें. उन्होंने कहा कि टीम में कोई बदलाव ना करें क्योंकि टीम अच्छा कर रही है. संजू से बस यही कहें कि अपनी ताकत पर भरोसा रखो और डर कर मत खेलो. यह अगला मैच उनके करियर का सबसे बेहतरीन मैच हो सकता है.
भारत ने दिया 254 रन का लक्ष्य
मुंबई में खेले गए सेमीफाइनल मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 253 रन का विशाल स्कोर बनाया. संजू के नाबाद 89 रन के अलावा बाकी बल्लेबाजों ने भी तेज रन बनाए. शिवम दुबे ने 25 गेंद पर 4 छक्के और एक चौके की मदद से 43 रन बनाए. ईशान किशन ने 18 गेंद पर 4 चौके लगाकर 39 रन जोडे. हार्दिक पंड्या ने 12 गेंद पर 27 रन और तिलक वर्मा ने 7 गेंद पर 3 छक्के लगाकर 21 रन बनाए.
बुमराह का ओवर बना टर्निंग पॉइंट
इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए बहुत कडी टक्कर दी. जैकब बेथेल ने 48 गेंद पर 8 चौके और 7 छक्के लगाकर 105 रन की शानदार पारी खेली. विल जैक्स ने भी 35 रन बनाए. एक समय इंग्लैंड को आखिरी 3 ओवर में 45 रन चाहिए थे. तब जसप्रीत बुमराह ने 18वें ओवर में सिर्फ 6 रन देकर मैच पलट दिया. अगले ओवर में हार्दिक पंड्या ने सिर्फ 9 रन दिए और सैम करन को आउट किया. जोफ्रा आर्चर ने अंत में 4 गेंद पर 19 रन बनाए लेकिन इंग्लैंड 20 ओवर में 246 रन ही बना पाया. भारत ने 7 रन से मैच जीतकर अपने नाम कर लिया.
ये भी पढ़ें-
फेक बाबा… भारत की जीत के बाद सिद्धू का मोहम्मद आमिर पर फूटा गुस्सा
मैच में हार्दिक पर क्यों गुस्सा हुए अगस्त्य? वजह जान हैरान रह जाएंगे आप, Video
Video: हवा में उड़कर अक्षर का मैजिक, चीते जैसी फुर्ती देख धोनी रिएक्शन हुआ वायरल
