सीपीएल 2026: लगातार तीन मुकाबले हारने के बाद त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने शानदार वापसी की है. शुक्रवार, 28 अगस्त को पोर्ट ऑफ स्पेन के क्वीन'स पार्क ओवल में खेले गए मुकाबले में नाइट राइडर्स ने बारबाडोस ट्राइडेंट्स को 7 विकेट से हरा दिया. इस जीत के हीरो रहे सुनील नरेन, जिन्होंने पहले गेंद से कमाल किया और फिर बल्ले से तूफानी अर्धशतक लगाकर टीम को आसान जीत दिला दी.
गेंद से नरेन ने बनाया दबाव
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने शुरुआत से ही बारबाडोस ट्राइडेंट्स के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. पावरप्ले के छह ओवर में ट्राइडेंट्स सिर्फ 31 रन बना सके और एक विकेट भी गंवा दिया. नाइट राइडर्स के गेंदबाजों ने लगातार कसी हुई गेंदबाजी की. खासतौर पर स्पिनरों ने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. ट्राइडेंट्स की पारी में 20 ओवर में से 15 ओवर स्पिन गेंदबाजों ने किए. सुनील नरेन ने अपने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए. उस्मान तारिक ने 11 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि अकील हुसैन और जेड गूली को भी एक-एक सफलता मिली.
कप्तान कीरोन पोलार्ड ने भी 3 ओवर में 19 रन देकर 2 विकेट झटके. ट्राइडेंट्स की ओर से जकारे कार्टर ने सबसे ज्यादा 28 रन बनाए. आखिरी ओवरों में कप्तान क्रिस ग्रीन ने 27 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की. इसके बावजूद बारबाडोस की टीम 20 ओवर में 127/9 तक ही पहुंच सकी.
बल्ले से नरेन का तूफान
128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने बिल्कुल अलग अंदाज में शुरुआत की. कॉलिन मुनरो ने पहले ही ओवर में मुजीब उर रहमान के खिलाफ दो चौके और एक शानदार छक्का लगाकर अपने इरादे साफ कर दिए. इसके बाद सुनील नरेन ने भी मोर्चा संभाल लिया. दोनों बल्लेबाजों ने पावरप्ले में तेजी से रन बनाए और 6 ओवर के बाद नाइट राइडर्स का स्कोर बिना किसी नुकसान के 60 रन पहुंच चुका था. पावरप्ले के तुरंत बाद नरेन ने रिवाल्डो क्लार्क के ओवर में लगातार दो छक्के जड़े. नरेन ने महज 33 गेंदों में 55 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 छक्के शामिल रहे. यह दो साल से ज्यादा समय बाद उनका पहला टी20 अर्धशतक था.
ये भी पढ़ें: ना मानव सुथार, ना पडिक्कल, श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीतने के बाद इस इंडियन प्लेयर को मिला ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ का अवॉर्ड
मुनरो के साथ 96 रन की साझेदारी
सुनील नरेन और कॉलिन मुनरो ने मिलकर नाइट राइडर्स की जीत की नींव रख दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 96 रन की शानदार साझेदारी की. मुनरो ने 26 गेंदों पर 37 रन बनाए. 10वें ओवर में उनकी पारी समाप्त हुई. इसके बाद नाइट राइडर्स ने दो और विकेट गंवाए, लेकिन तब तक मुकाबला पूरी तरह उनके नियंत्रण में आ चुका था. आखिरकार त्रिनबागो नाइट राइडर्स ने 14.5 ओवर में 128 रन बनाकर मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया.
| टीम | स्कोर | मुख्य स्कोरर | प्रमुख गेंदबाज | नतीजा |
| बारबाडोस ट्राइडेंट्स | 127/9 (20 ओवर) | जकारे कार्टर 28, क्रिस ग्रीन 27 | सुनील नरेन 2/14, कीरोन पोलार्ड 2/19 त्रिनबागो नाइट राइडर्स | हार |
| त्रिनबागो नाइट राइडर्स | 128/3 (14.5 ओवर) | सुनील नरेन 55, कॉलिन मुनरो 37 | क्रिस ग्रिन 1/20 , मुजीब उर रहमान 1/39, रेमन सिममंड्स 1/20 बारबाडोस ट्राइडेंट्स | 7 विकेट से जीत |
ये भी पढ़ें: Suryakumar Yadav: वर्ल्ड कप जिताने के बाद टीम से बाहर हुए SKY ने तोड़ी चुप्पी, बोले- ऐसा कैसे हो सकता है?
