हार्दिक पांड्या से छिनेगी MI की कप्तानी, सामने आई ये बड़ी वजह

Hardik Pandya remove captaincy: आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए एक चौंकाने वाली खबर है. चर्चा है कि हार्दिक पंड्या से कप्तानी वापस ली जा सकती है.

Hardik Pandya remove captaincy: मुंबई इंडियंस के खेमे से एक बहुत बड़ी खबर आ रही है. सूत्रों की मानें तो फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या को कप्तानी से हटाने का मन बना लिया है. आईपीएल 2026 में टीम का लचर प्रदर्शन तो इस फैसले की एक बड़ी वजह भी है. परदे के पीछे कुछ और भी बड़े कारण हैं, जो हार्दिक के खिलाफ जा रहे हैं. आईपीएल 2026 में 14 में से 10 मैच हारने और टीम के 9वें नंबर पर रहने के अलावा भी कई ऐसे बात है, जो हार्दिक की कप्तानी छीनने की वजह बन रहे हैं. आइए, सिलसिलेवार ढंग से उन सभी बड़ी वजहों पर नजर डालते हैं.

IPL 2026 में मुंबई का हाल

मुंबई इंडियंस जैसी फ्रेंचाइजी कभी भी ‘नंबर 9’ पर रहने के लिए नहीं जानी जाती. ग्रुप स्टेज के 14 में से 10 मैच हारना कोई सामान्य नाकामी नहीं है. इन आंकड़ों ने मैनेजमेंट को यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि रोहित शर्मा को हटाकर हार्दिक को कमान सौंपने का उनका फैसला पूरी तरह उल्टा पड़ गया है और अब टीम में एक बड़े बदलाव की जरूरत है.

खराब कप्तानी के साथ खराब फॉर्म

हार्दिक पंड्या के लिए मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है. एक तरफ जहाँ मुंबई इंडियंस लगातार मुकाबले हार रही है, वहीं दूसरी तरफ खुद हार्दिक का बतौर ऑलराउंडर ग्राफ तेजी से गिरा है. इस सीजन में वह टीम के लिए एक्स-फैक्टर साबित होने में नाकाम रहे. आँकड़े गवाही देते हैं कि 10 मैचों में हार्दिक के बल्ले से केवल 206 रन निकले, जहाँ उनका औसत 22.88 और स्ट्राइक रेट 138.25 का रहा. वहीं गेंदबाजी में वह 10 मैचों में सिर्फ 4 विकेट ही ले पाए.

हार्दिक से नाराज है सीनियर खिलाड़ी

खराब फॉर्म से जूझ रहे हार्दिक पंड्या की मुश्किलें आने वाले दिनों में और बढ़ सकती हैं. IPL 2026 के दौरान सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मुंबई इंडियंस के कई सीनियर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या के कप्तानी के तरीकों से असंतुष्ट नजर आए. हालांकि, फ्रेंचाइजी ने इस मामले पर किसी भी तरह की आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है. लेकिन अंदरूनी सूत्रों के हवाले से आ रही ये खबरें काफी मजबूत संकेत दे रही हैं.  मैदान पर टीम के खराब तालमेल और इस कथित मतभेद को देखते हुए, मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट जल्द ही हार्दिक से कप्तानी वापस लेने का बड़ा फैसला कर सकता है.

फिटनेस बनी हार्दिक पांड्या की कमजोरी

खराब फॉर्म और अंदरूनी कलह के बाद अब फिटनेस ने भी हार्दिक पंड्या की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं. IPL 2026 में पीठ की चोट के चलते हार्दिक को 4 मैचों से बाहर बैठना पड़ा. कप्तान की गैर-मौजूदगी और लगातार बदलते कॉम्बिनेशन ने टीम के पूरे बैलेंस को तहस-नहस कर दिया.

क्या हार्दिक खो चुके हैं टीम का भरोसा

हार्दिक पंड्या एक बेहतरीन ऑलराउंडर हैं, इस बात में कोई शक नहीं है. लेकिन मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी टीम के लिए कप्तान और खिलाड़ी की दोहरी भूमिका निभाना उनके लिए काफी मुश्किल साबित हुआ. इस डबल रोल के चक्कर में उनका प्रदर्शन बहुत खराब रहा, जिसके कारण फ्रेंचाइजी का उन पर जो भरोसा था, वह अब काफी कम हो गया है. कप्तानी के इस दबाव ने उनके खेल और टीम में उनकी स्थिति दोनों को नुकसान पहुँचाया है.

यह भी पढ़े- इस पूर्व क्रिकेटर ने ढूंढा वैभव सूर्यवंशी को, जानिए कौन हैं समर कादरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Ritu Raj

प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत। खेल पत्रकारिता में एक साल का अनुभव और स्पोर्ट्स की हर छोटी-बड़ी खबर पर पैनी नजर। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में मास्टर्स। उद्देश्य है पाठकों तक तेज, सटीक और विश्वसनीय स्पोर्ट्स कवरेज पहुँचाना।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >