BAN vs AUS: बांग्लादेश ने शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में इतिहास रचते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी अब तक की सबसे बड़ी और यादगार जीतों में से एक दर्ज की है. तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले ही मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश ने कंगारुओं को डकवर्थ लुइस नियम के तहत 86 रनों से करारी शिकस्त दी. साल 2011 के बाद पहली बार बांग्लादेश की धरती पर वनडे सीरीज खेलने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए यह मुकाबला किसी बुरे सपने जैसा रहा.
शांतो और तंजीद ने खेली दमदार पारियां
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने दूसरे ही ओवर में सैफ हसन का विकेट खो दिया, जिन्हें नाथन एलिस ने पवेलियन भेजा. हालांकि, इस शुरुआती झटके के बाद नजमुल हुसैन शांतो और तंजीद हसन तमिम ने मोर्चा संभाल लिया. दोनों ने कंगारू गेंदबाजों पर जमकर हमला बोलते हुए महज 91 गेंदों में 96 रनों की शानदार साझेदारी कर डाली. इस दौरान तंजीद ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 44 गेंदों पर 54 रन ठोके. जबकि शांतो ने एक छोर संभाले रखकर 86 गेंदों में 67 रनों की कप्तानी पारी खेली.
मोसद्दक हुसैन की कप्तानी पारी
छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मोसद्दक हुसैन ने संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए टीम के लिए सबसे बड़ी 86 रनों की शानदार पारी खेली. उन्होंने निचले क्रम में तस्कीन अहमद के साथ मिलकर आठवें विकेट के लिए महज 33 गेंदों पर 45 रनों की तेजतर्रार पार्टनरशिप की. इसी काउंटर अटैक की बदौलत बांग्लादेश की टीम 284 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन एलिस सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 38 रन देकर 3 विकेट चटकाए. जबकि लियाम स्कॉट और मैट रेनशॉ के खाते में 2-2 सफलताएं आईं.
नाहिद राणा ने चटकाए 4 विकेट
लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही. पहली ही गेंद पर मैथ्यू शॉर्ट को तस्कीन अहमद ने आउट किया और दूसरे ओवर में लाबुशेन भी पवेलियन लौट गए. 2 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद कप्तान जोश इंगलिस (19) और कूपर कोनोली (35) ने पारी संभाली, लेकिन नाहिद राणा ने इंगलिस को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी. इसके बाद एलेक्स कैरी ने 47 रनों की पारी खेली और कैमरून ग्रीन के साथ स्कोर 100 के पार पहुंचाया. ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 128 रन पर 4 विकेट था, लेकिन इसके बाद टीम ने सिर्फ 12 रनों के अंदर 4 विकेट और खो दिए और स्कोर 140 पर 8 विकेट हो गया. 156 रन पर 9वां विकेट गिरने के बाद कैमरून ग्रीन ने एडम जम्पा के साथ आखिरी विकेट के लिए 35 रन जोड़े. इसी बीच खराब रोशनी के कारण 43वें ओवर में मैच रोकना पड़ा. मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका और बांग्लादेश ने डीएलएस नियम से 86 रनों से जीत दर्ज की. नाहिद राणा ने 4 और मुस्तफिजुर ने 1 विकेट लिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए कैमरून ग्रीन 52 रन बनाकर नाबाद रहे.
इसे भी पढ़े- कप्तानी से इस्तीफा और फिर संन्यास! बेन स्टोक्स को लेकर सामने आई बड़ी रिपोर्ट
