Australia vs Zimbabwe ODI Series 2026: ऑस्ट्रेलिया की टीम सितंबर में जिम्बाब्वे का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. सीरीज की शुरुआत 15 सितंबर से होगी, जबकि आखिरी मुकाबला 20 सितंबर को खेला जाएगा. तीनों मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होंगे. यह सीरीज दोनों टीमों के लिए 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम है. खासतौर पर ऑस्ट्रेलिया ने इस दौरे के लिए अनुभवी खिलाड़ियों के साथ कुछ युवा चेहरों को भी टीम में शामिल किया है. अभी जिम्बाब्वे की टीम साउथ अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर ट्राई सीरीज खेल रही है.
10 साल बाद जिम्बाब्वे में वनडे सीरीज खेलेगी ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया के लिए यह दौरा खास है, क्योंकि टीम 10 साल से ज्यादा समय बाद जिम्बाब्वे की धरती पर वनडे क्रिकेट खेलेगी. ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी बार 2014 में जिम्बाब्वे में वनडे मुकाबले खेले थे. उस समय दोनों टीमें एक त्रिकोणीय सीरीज का हिस्सा थीं, जिसमें दक्षिण अफ्रीका भी शामिल था. इस बार ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान मिचेल मार्श के हाथों में होगी. टीम में ट्रेविस हेड और जोश हेजलवुड जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी हुई है, जबकि कुछ युवा खिलाड़ियों को भी अपनी जगह पक्की करने का मौका मिला है.
ऑस्ट्रेलिया की टीम में कई बड़े नाम
ऑस्ट्रेलिया के 17 सदस्यीय वनडे स्क्वॉड में मिचेल मार्श, ट्रेविस हेड, कैमरन ग्रीन, जोश इंग्लिस, एलेक्स कैरी, जोश हेजलवुड और एडम जम्पा जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं. इसके अलावा कूपर कॉनॉली, जोएल डेविस और ओलिवर पीक जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है. मर्नस लाबुशेन को इस वनडे स्क्वॉड में जगह नहीं मिली है. ऑस्ट्रेलिया के लिए यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि जिम्बाब्वे के बाद टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी तीन वनडे मैच खेलने हैं. दोनों सीरीज को 2027 विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया को हरा चुका है जिम्बाब्वे
मेजबान जिम्बाब्वे की टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. टीम के पास हाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली बड़ी जीत का आत्मविश्वास भी है. 2026 टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया था. ऐसे में वनडे सीरीज में भी मेजबान टीम ऑस्ट्रेलिया को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी.
ऑस्ट्रेलिया vs जिम्बाब्वे वनडे सीरीज का पूरा शेड्यूल
| मैच | तारीख | जगह | भारतीय समय |
| पहला वनडे | 15 सितंबर 2026 | हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे | दोपहर 1 बजे |
| दूसरा वनडे | 18 सितंबर 2026 | हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे | दोपहर 1 बजे |
| तीसरा वनडे | 20 सितंबर 2026 | हरारे स्पोर्ट्स क्लब, हरारे | दोपहर 1 बजे |
तीनों मुकाबले हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाएंगे और स्थानीय समय के अनुसार मैच सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे.
ये भी पढ़ें: Cricket Brothers: मैदान पर धमाल मचा रही हैं भाइयों की ये जोड़ियां, जानिए कौन-कौन हैं शामिल
भारत में कहां देखें लाइव मैच?
भारत में क्रिकेट फैंस ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच तीनों वनडे मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode ऐप और वेबसाइट पर देख सकेंगे. FanCode ने इस सीरीज के तीनों मुकाबलों को अपनी लाइव कवरेज में शामिल किया है. अभी तक की सुचना तक, भारत में इस सीरीज के टीवी प्रसारण को लेकर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक लाइव टेलीकास्ट नहीं होगा.
ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड
मिचेल मार्श(कप्तान), जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कॉनॉली, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, ओलिवर पीक, मैथ्यू रेनशॉ, बिली स्टेनलेक और एडम जम्पा.
जिम्बाब्वे का स्क्वॉड
जिम्बाब्वे ने अभी तक इस वनडे सीरीज के लिए अपनी अंतिम टीम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा और रयान बर्ल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है.
ये भी पढ़ें: Ajit Agarkar: दलीप ट्रॉफी फाइनल देखने पहुंचे अजीत अगरकर, कुछ दिन पहले BCCI की बैठक से रहे थे दूर
