Moises Henriques : ऑस्ट्रेलिया के लिए तीनों फॉर्मेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके मोइसेस हेनरिक्स अब नई भूमिका में नजर आएंगे. कभी कंगारुओं की जर्सी में मैदान पर उतरने वाले हेनरिक्स को अब पुर्तगाल की पुरुष क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है. खास बात यह है कि हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल में ही हुआ था. अब वह अपने जन्मस्थान की टीम को 2028 टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई कराने की कोशिश करेंगे.
रोनाल्डो के शहर में हुआ जन्म
39 वर्षीय हेनरिक्स का जन्म पुर्तगाल के मदीरा द्वीप के फुंचाल शहर में हुआ था. यह वही शहर है, जहां पुर्तगाल के महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का भी जन्म हुआ. हालांकि, बचपन में उनका परिवार ऑस्ट्रेलिया चला गया और वहीं उन्होंने क्रिकेट को अपना करियर बनाया.
तीनों फॉमेट में खेला ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच
हेनरिक्स ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 4 टेस्ट, 16 वनडे और 24 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं. उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 2021 में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 मुकाबला था. जून 2026 में उन्होंने पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया. जरूरी कूलिंग-ऑफ अवधि पूरी करने के बाद अब वह एसोसिएट देश के लिए खेलने के योग्य हुए हैं.
IPL में भी दिखा चुके हैं दम
हेनरिक्स का नाम भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए भी जाना-पहचाना है. उन्होंने आईपीएल में 62 मुकाबले खेले हैं और 54 पारियों में 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 27 से अधिक और स्ट्राइक रेट 126 से ज्यादा रहा. वह मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रह चुके हैं.
Also Read: ICC Rankings में इंडियन प्लेयर्स का जलवा, टेस्ट में बाबर की टॉप-10 में वापसी
टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर में होगी अग्निपरीक्षा
पुर्तगाल ने टी20 विश्व कप यूरोप सब-रीजनल क्वालीफायर सी के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. हेनरिक्स की कप्तानी वाली टीम ग्रुप बी में इजराइल, जर्मनी, ग्रीस और चेकिया के साथ है. मुकाबले 14 से 20 अगस्त के बीच खेले जाएंगे. ग्रुप की शीर्ष टीम 21 अगस्त को ग्रुप ए की विजेता से फाइनल खेलेगी. क्वालीफायर जीतने वाली टीम यूरोप रीजनल फाइनल में स्कॉटलैंड, जर्सी और डेनमार्क के खिलाफ खेलेगी. यहां से आगे बढ़ने वाली टीमें 2028 टी20 विश्व कप में जगह बनाने की दौड़ में शामिल होंगी.
पुर्तगाल की टीम : मोइसेस हेनरिक्स (कप्तान), क्रेग कैचोपा, एडवर्ड फ्लेमिंग, क्रिस्टोफर डी फ्रीटास, राहुलकुमार हशु, सिराज उल्लाह खादेम, हरदीप खुट्टन, जेरेमी मार्टिंस, धवलकुमार नोरोतम (विकेटकीपर), जॉर्डन नेट्टो, कार्लोस नून्स, सेबेस्टियन डी ओलिवेरा, उपेन शंटू और कैमरून शेकलटन.
Also Read: IND vs SL: सुदर्शन के बाद अब यह खिलाड़ी भी हो सकते है बाहर, क्या आकाश दीप की होगी टीम में वापसी?
