Asian Games 2026: जापान को एकतरफा अंदाज में हराकर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. अब गोल्ड मेडल की ओर बढ़ रही हरमनप्रीत कौर की टीम इंडिया का सामना बांग्लादेश से होगा. दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका आमने-सामने होंगे. दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 20 सितंबर को निसिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले जाएंगे.
भारत ने जापान को क्वार्टर फाइनल में 8 विकेट से हराया. जापान की पूरी टीम सिर्फ 57 रन पर सिमट गई, जिसके बाद भारत ने 5 ओवर में 58 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया. इस जीत में गेंद से श्री चरणी और बल्ले से शेफाली वर्मा ने अहम भूमिका निभाई.
भारत के सामने अब बांग्लादेश की चुनौती
जापान के खिलाफ शानदार जीत के बाद भारतीय टीम अब सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगी. बारिश के कारण बांग्लादेश की टीम बिना खेले ही सेमीफाइनल में पहुंच गई. क्वार्टरफाइनल मुकाबले में बांग्लादेश और चीन के बीच बिना एक भी गेंद फेंके मुकाबले को रद्द कर दिया गया. रैंकिंग के आधार पर बांग्लादेश की टीम सेमीफाइनल में पहुंची.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: 57 रन पर जापान ढेर, 90 गेंद रहते जीता भारत... शेफाली की तूफानी पारी से सेमीफाइनल में टीम इंडिया
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान-श्रीलंका के बीच भिड़ंत
दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान और श्रीलंका की भिड़ंत होगी. पाकिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड को 3 विकेट से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी, जबकि श्रीलंका ने मलेशिया को हराया. इस तरह महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के दोनों सेमीफाइनल की तस्वीर साफ हो गई है.
सेमीफाइनल का पूरा शेड्यूल
एशियन गेम्स के आधिकारिक कार्यक्रम के मुताबिक, दोनों सेमीफाइनल 20 सितंबर को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क, निसिन में खेले जाएंगे.
| सेमीफाइनल | मुकाबला | तारीख | समय |
| पहला सेमीफाइनल | पाकिस्तान vs श्रीलंका | 20 सितंबर | सुबह 5:30 बजे IST |
| दूसरा सेमीफाइनल | बांग्लादेश vs भारत | 20 सितंबर | सुबह 10:30 बजे IST |
अब गोल्ड से दो कदम दूर टीम इंडिया
भारत की टीम एशियन गेम्स में महिला क्रिकेट की डिफेंडिंग चैंपियन है. 2023 में उसने गोल्ड मेडल जीता था और अब खिताब बचाने के अभियान में सेमीफाइनल तक पहुंच चुकी है. बांग्लादेश के खिलाफ होने वाला मुकाबला बेहद अहम है. यह मुकाबला जीतते ही भारत फाइनल में पहुंच जाएगा और उसके सामने गोल्ड मेडल बरकरार रखने का मौका होगा. हार की स्थिति में टीम को ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेलना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: एशियन गेम्स में मोहसिन नकवी ने मेडल दिया तो क्या करेगा भारत? BCCI ने दिया साफ जवाब
