जानिए कौन हैं आकाश दीप के दिल को ‘क्लीन बोल्ड’ करने वाली मिस्ट्री गर्ल

Akshita Raj first photo viral: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप आज (24 जून) वाराणसी में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. शादी की रस्में और जश्न पहले ही शुरू हो चुका है, लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर उनकी होने वाली दुल्हन अक्षिता राज की पहली तस्वीर जमकर वायरल हो रही है.

Akshita Raj first photo viral: भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाश दीप आज (24 जून) अपनी जिंदगी की एक बेहद खूबसूरत और नई पारी का आगाज करने जा रहे हैं. वह वाराणसी के आलीशान होटल ‘ताज गंगेज’ में अक्षिता राज के साथ सात फेरे लेकर सात जन्मों के बंधन में बंधेंगे. शादी की रस्में पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शुरू हो चुकी हैं, जिसमें सोमवार को मेहंदी और मंगलवार को हल्दी की रस्म धूमधाम से निभाई गई. आकाश दीप की शादी की खबर के बाद से ही फैंस उनकी होने वाली दुल्हनिया की एक झलक पाने को बेताब थे, और अब सोशल मीडिया पर आई तस्वीरों ने फैंस का यह इंतजार भी खत्म कर दिया है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर

दरअसल, विवाह के मुख्य कार्यक्रम से ठीक पहले अक्षिता राज की एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह मेहंदी लगवाती हुई नजर आ रही हैं. अक्षिता की यह पहली झलक सामने आते ही इंटरनेट पर वायरल हो गई है. हालांकि, इस फोटो को आकाश दीप अथवा उनके परिवार की ओर से आधिकारिक तौर पर साझा नहीं किया गया है, लेकिन सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह भारतीय क्रिकेटर की होने वाली पत्नी ही हैं. आइए जानते हैं कि आकाश दीप की जीवनसंगिनी बनने जा रही अक्षिता राज के बारे में क्या खास बातें हैं.

जानिए कौन हैं आकाश दीप की दुल्हनिया अक्षिता राज

अगर बात अक्षिता राज के बैकग्राउंड की करें, तो वह मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के मणिकपुर की रहने वाली हैं. वह अमित कुमार सिंह और रेनू सिंह की सुपुत्री हैं. अक्षिता न सिर्फ दिखने में सादगी पसंद हैं, बल्कि पढ़ाई-लिखाई में भी बेहद होनहार रही हैं. उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT Mesra) से BCA और MCA की डिग्री हासिल की है. उनके शानदार एकेडमिक रिकॉर्ड का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कॉलेज प्लेसमेंट के दौरान ही उन्हें एक बड़ी कंपनी से बेहतरीन जॉब ऑफर मिला था. हालांकि, इसी बीच भारतीय तेज गेंदबाज आकाश दीप के साथ उनकी शादी की बात आगे बढ़ गई, जिसके बाद उन्होंने इस जॉब को जॉइन न करने का फैसला किया. आपको बता दें कि यह पूरी तरह से दोनों परिवारों की रजामंदी से तय हुई है.

भोजपुरी सितारों संग थिरके क्रिकेटर

क्रिकेटर आकाश दीप के रोहतास स्थित पैतृक आवास पर इस समय शादी का जश्न जोरों पर है. बीती 22 जून की रात आयोजित तिलक और मेहंदी समारोह में जमकर उत्साह देखने को मिला. इस मांगलिक उत्सव में शामिल होने के लिए भोजपुरी इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक गुंजन सिंह और मशहूर अभिनेत्री काजल राघवानी पहुंचे थे. समारोह के दौरान आकाश दीप भी गॉगल्स लगाकर अपने परिवार और मेहमानों के साथ डांस करते नजर आए. वहीं, आकाश दीप की छोटी बहन ने बॉलीवुड के प्रसिद्ध गीतों ‘राजा भैया दूल्हा बनकर आ गया’ और ‘चने के खेत में’ पर बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत कर समारोह में समां बांध दिया. इस स्टार क्रिकेटर की एक झलक पाने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए स्थानीय लोगों व मेहमानों में खासा उत्साह देखा गया.

पूरी तरह प्राइवेट रहेगा शादी का मुख्य समारोह

होटल ‘Taj Ganges’ में आयोजित होने वाले विवाह के इस मुख्य कार्यक्रम को पूरी तरह प्राइवेट रखा गया है. समारोह से मीडिया को दूर रखा गया है और इसमें केवल दोनों पक्षों के पारिवारिक सदस्य और करीबी मित्र ही हिस्सा ले रहे हैं. हालांकि, खेल जगत से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आकाशदीप के इस खास दिन का गवाह बनने और नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के कई मौजूदा खिलाड़ी और खेल जगत की अन्य प्रमुख हस्तियां आज वाराणसी पहुंच सकती हैं.

इसे भी पढ़े- अभिषेक पोरेल पर युवती ने लगाए बेहद संगीन आरोप! हुगली पुलिस के पास पहुंची शिकायत, जानिए क्या है पूरा मामला

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ritu Raj

ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >