Ajit Agarkar: दलीप ट्रॉफी फाइनल देखने पहुंचे अजीत अगरकर, कुछ दिन पहले BCCI की बैठक से रहे थे दूर

भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर दलीप ट्रॉफी फाइनल का लुत्फ उठाते नजर आए. यह तब हुआ जब कुछ दिन पहले वह BCCI की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक से अनुपस्थित थे. उनकी मौजूदगी को खिलाड़ियों पर नजर रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Ajit Agarkar: भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर संडे को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल देखने पहुंचे. ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान अगरकर कॉरपोरेट बॉक्स में बैठे नजर आए. उनकी मौजूदगी ऐसे समय में हुई है, जब कुछ दिन पहले ही वह मुंबई में हुई BCCI की अहम समीक्षा बैठक में शामिल नहीं हुए थे.

दलीप ट्रॉफी फाइनल में कई ऐसे खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो आने वाले समय में भारत की योजनाओं का हिस्सा बन सकते हैं. ऐसे में चयन समिति के प्रमुख के तौर पर अगरकर की स्टेडियम में मौजूदगी को खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

BCCI की समीक्षा बैठक में शामिल नहीं हुए थे अगरकर

BCCI ने 3 सितंबर को मुंबई में भारतीय टीम के हालिया प्रदर्शन और भविष्य की योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की थी. बैठक में टीम इंडिया के विदेशी दौरों, खिलाड़ियों की फिटनेस, वर्कलोड मैनेजमेंट और 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई. हालांकि, इस बैठक में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर मौजूद नहीं थे. उनकी गैरमौजूदगी के बाद उनके भविष्य और BCCI के साथ उनकी भूमिका को लेकर अटकलें लगने लगीं.

देवजीत सैकिया ने बताई अगरकर की गैरमौजूदगी की वजह

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बैठक के बाद अगरकर की गैरमौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट की. उन्होंने बताया कि बैठक बेहद कम समय के नोटिस पर बुलाई गई थी और उस समय अगरकर शहर से बाहर थे. सैकिया के मुताबिक, अगरकर ऐसी जगह पर थे जहां तमाम कोशिशों के बावजूद वह ऑनलाइन भी बैठक से नहीं जुड़ सके.

सैकिया ने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक में चयन समिति या अगरकर के भविष्य को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई थी. बैठक का फोकस टीम के प्रदर्शन, आगामी सीरीज और 2027 विश्व कप की तैयारियों पर था.

सैकिया-अगरकर मतभेद की अटकलें भी चर्चा में

अगरकर की गैरमौजूदगी के बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया के साथ उनके कथित मतभेद को लेकर भी चर्चाएं सामने आई हैं. हालांकि, दोनों के बीच किसी विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. इससे पहले रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर सैकिया के बयानों और चयन समिति की कथित योजनाओं को लेकर भी अलग-अलग रिपोर्ट्स सामने आई थीं. इसी वजह से अगरकर और BCCI के बीच मतभेद की अटकलों को हवा मिली, लेकिन फिलहाल इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है.

ये भी पढ़ें: Duleep Trophy Final: वैभव के आउट होने के बाद नंबर 3 पर खेलने उतरे शिखर, फाइनल में खेली 85 रन की पारी

सितंबर में खत्म हो रहा है अगरकर का मौजूदा कार्यकाल


अजीत अगरकर का चीफ सेलेक्टर के तौर पर मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट सितंबर 2026 में खत्म होने वाला है. यही वजह है कि उनके कार्यकाल को लेकर भी क्रिकेट जगत में चर्चा तेज है. हालांकि, BCCI की हालिया समीक्षा बैठक में अगरकर के कॉन्ट्रैक्ट या चयन समिति में बदलाव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई. ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बोर्ड उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाएगा या चयन समिति में बदलाव करेगा.

दलीप ट्रॉफी फाइनल में क्यों पहुंचे अगरकर?

दलीप ट्रॉफी फाइनल चयनकर्ताओं के लिए घरेलू क्रिकेट के खिलाड़ियों के प्रदर्शन को करीब से देखने का अहम मौका है. ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमों में कई अनुभवी और युवा खिलाड़ी मौजूद हैं. फाइनल में KL राहुल, देवदत्त पडिक्कल और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी भी साउथ जोन की ओर से खेल रहे हैं, जबकि ईस्ट जोन में वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं. राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की नजर ऐसे खिलाड़ियों पर रहना स्वाभाविक है, खासकर जब आगे भारत ए और राष्ट्रीय टीम से जुड़ी योजनाएं बन रही हों.

ये भी पढ़ें: Video: दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में तिलक वर्मा ने वैभव सूर्यवंशी को किया स्लेज, बोले- 'क्या यार, ये वाइस-कैप्टन?'

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >