वार्म-अप मैच के आखिरी ओवर में 3 छक्के जड़कर सिराज ने दिलाई भारत को जीत, श्रीलंका XI को 6 विकेट से हराया

मोहम्मद सिराज के तूफानी छक्कों ने भारत को श्रीलंका XI के खिलाफ अभ्यास मैच में 6 विकेट से जीत दिलाई. यह जीत गॉल में शुरू होने वाली टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के आत्मविश्वास को बढ़ाने वाली है.

Ind vs Sl XI : एक समय ऐसा लग रहा था कि श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ भारत का प्रैक्टिस मैच नतीजे तक नहीं पहुंच पाएगा, लेकिन आखिरी ओवर में मोहम्मद सिराज ने पूरा खेल ही बदल दिया. गॉल टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम ने संडे को कोलंबो के नोंडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले गए तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका XI को 6 विकेट से हरा दिया. 207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को जीत के लिए आखिरी ओवर में तेजी से रन चाहिए थे और सिराज ने लगातार तीन छक्के जड़कर टीम को जीत दिला दी.

सिराज ने 15 गेंदों में बनाए 32 रन

भारत को अंतिम चरण में जीत के लिए रन बनाने की जरूरत थी. ऐसे में मोहम्मद सिराज ने बल्लेबाजी का ऐसा अंदाज दिखाया, जिसकी शायद किसी ने उम्मीद नहीं की थी. उन्होंने महज 15 गेंदों पर नाबाद 32 रन ठोक दिए. सिराज की पारी में एक चौका और चार छक्के शामिल रहे. केशरा नुवांथा के ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर उन्होंने भारत के लिए मैच खत्म कर दिया. हालांकि जीत का रन बनने के बाद भी भारत ने औपचारिक तौर पर अंतिम तीन गेंदें खेलीं और सारांश जैन दो रन बनाकर नाबाद रहे.

यशस्वी ने जमाया अर्धशतक

207 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत शानदार रही. पहली पारी में खाता नहीं खोल पाने वाले यशस्वी जायसवाल ने दूसरी पारी में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. उन्होंने 46 गेंदों पर 61 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और दो छक्के शामिल थे. यशस्वी ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी की. गिल 54 गेंदों पर 44 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद ध्रुव जुरेल ने 17 और ऋषभ पंत ने 28 रन बनाए. रवींद्र जडेजा 22 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए. भारत ने 44.3 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

Also Read: वॉर्म-अप मैच में ही बांग्लादेश की टीम 54 रन पर हुई ढेर, कैंपबेल थॉम्पसन ने चटकाए 8 विकेट

पडिक्कल की पारी रही मैच का बड़ा आकर्षण

इससे पहले भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 142 रन बनाए. उन्होंने 164 गेंदों की पारी में 18 चौके लगाए. रवींद्र जडेजा ने भी 63 रन की उपयोगी पारी खेली. वहीं गुरनूर बरार ने भी नाबाद 36 रन बनाए. भारत ने 358/6 के स्कोर पर अपनी पहली पारी घोषित की थी, जबकि श्रीलंका XI ने पहली पारी में 363/8 रन बनाए थे.

15 से असली टेस्ट मैच

अब भारतीय टीम 15 अगस्त से गॉल में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. इस अभ्यास मैच में बल्लेबाजों के साथ-साथ सिराज की अप्रत्याशित आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम को जीत के साथ टेस्ट सीरीज से पहले आत्मविश्वास जरूर दिया है.

Also Read: कोहली के प्रोफेशनलिज्म के मुरीद हुए वीवीएस लक्ष्मण, बोले- 'वह हर बार अपने लिए ऊंचे मानक तय करते हैं'


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >