कावेरी किनारे बसा त्रिची: इतिहास, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम

Tiruchirappalli Temple City: तिरुचिरापल्ली यानी त्रिची इतिहास, मंदिरों और प्राकृतिक सौंदर्य का अनोखा संगम है. जानिए श्रीरंगम मंदिर, रॉकफोर्ट और कल्लनई डैम जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों की खासियत.

संतोष उत्सुक

Tiruchirappalli Temple City:  दक्षिण भारत के प्रमुख ऐतिहासिक शहरों में गिना जाने वाला तिरुचिरापल्ली (Tiruchirappalli), जिसे आम तौर पर त्रिची कहा जाता है, तमिलनाडु का एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक, धार्मिक और व्यावसायिक केंद्र है. कावेरी नदी के तट पर बसा यह शहर हजारों वर्षों का समृद्ध इतिहास अपने भीतर समेटे हुए है.

प्राचीन काल में इस क्षेत्र पर चोल, पल्लव और पांड्य राजवंशों का शासन रहा, जिसके कारण यहां की संस्कृति, स्थापत्य कला और मंदिरों की परंपरा बेहद समृद्ध दिखाई देती है. यही वजह है कि तिरुचिरापल्ली को अक्सर “मंदिरों की भूमि” भी कहा जाता है. यह शहर केवल धार्मिक ही नहीं बल्कि आधुनिकता की दृष्टि से भी तेजी से विकसित हो रहा है. हरियाली, कावेरी नदी का जल और शांत वातावरण यहां के मौसम को सामान्य और सुखद बनाए रखते हैं.

श्रीरंगनाथ स्वामी मंदिर: आस्था का विशाल केंद्र

तिरुचिरापल्ली की यात्रा का सबसे प्रमुख आकर्षण है श्रीरंगनाथ स्वामी मंदिर (Sri Ranganathaswamy Temple), जो भगवान विष्णु को समर्पित है. यह मंदिर संसार का सबसे बड़ा क्रियाशील हिंदू मंदिर माना जाता है. मंदिर परिसर का प्रसिद्ध आयिरम काल मंडपम लगभग एक हजार स्तंभों वाले विशाल हॉल के लिए जाना जाता है. इन स्तंभों की कलात्मकता और ग्रेनाइट पत्थर की नक्काशी प्राचीन द्रविड़ वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करती है. यह मंदिर यूनेस्को द्वारा सम्मानित भी हो चुका है और यहां पहुंचकर पर्यटकों को आध्यात्मिक शांति का अनुभव होता है.

रॉकफोर्ट मंदिर: चट्टान पर बना ऐतिहासिक किला

त्रिची का एक और प्रसिद्ध स्थल है रॉकफोर्ट मंदिर (Rockfort Temple). यह मंदिर एक विशाल प्राचीन चट्टान पर बना हुआ है और भगवान गणेश को समर्पित है. इस स्थान की विशेषता इसकी रॉक कट वास्तुकला है. मंदिर तक पहुंचने के लिए लगभग 400 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, लेकिन ऊपर से दिखाई देने वाला शहर का नजारा बेहद मनमोहक होता है. इतिहासकारों के अनुसार यह किला कई शताब्दियों तक युद्धों का साक्षी रहा है, इसलिए इतिहास प्रेमियों के लिए यह स्थान विशेष महत्व रखता है.

जंबुकेश्वर मंदिर: प्रकृति और आध्यात्मिकता का संगम

कावेरी नदी के द्वीप श्रीरंगम के पास स्थित जंबुकेश्वर मंदिर (Jambukeswarar Temple) भगवान शिव को समर्पित एक प्राचीन मंदिर है. इस मंदिर की वास्तुकला द्रविड़ शैली में बनी हुई है और इसकी शांत वातावरण वाली परिसर पर्यटकों को ध्यान और आध्यात्मिक अनुभव की ओर आकर्षित करता है. नदी के पास स्थित होने के कारण यहां का प्राकृतिक सौंदर्य भी बेहद मनोहारी है.

कल्लनई डैम और आसपास के दर्शनीय स्थल

तिरुचिरापल्ली से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित कल्लनई डैम  (Kallanai Dam) भी देखने लायक स्थान है. इसे चोल वंश के राजा करिकलन ने बनवाया था और इसे दुनिया के सबसे प्राचीन बांधों में गिना जाता है.

इसके अलावा त्रिची के आसपास कई सुंदर पिकनिक स्थल भी हैं. पुलियानचोलाई के जंगलों में स्थित झरने और हरियाली प्रकृति प्रेमियों के लिए आदर्श स्थान हैं. वहीं अगाया गंगाई जलप्रपात ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए आकर्षण का केंद्र है.

त्रिची से लगभग 30 किलोमीटर दूर चीरालिमलाई पहाड़ी पर भगवान मुरुगन का मंदिर और पास में स्थित मोर अभयारण्य भी पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है. यहां मोरों का नृत्य देखना बच्चों और फोटोग्राफरों के लिए बेहद रोचक अनुभव बन जाता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shaurya Punj

मैंने डिजिटल मीडिया में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव हासिल किया है. पिछले 6 वर्षों से मैं विशेष रूप से धर्म और ज्योतिष विषयों पर सक्रिय रूप से लेखन कर रहा हूं. ये मेरे प्रमुख विषय हैं और इन्हीं पर किया गया काम मेरी पहचान बन चुका है. हस्तरेखा शास्त्र, राशियों के स्वभाव और उनके गुणों से जुड़ी सामग्री तैयार करने में मेरी निरंतर भागीदारी रही है. रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त करने के बाद. इसके साथ साथ कंटेंट राइटिंग और मीडिया से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में काम करते हुए मेरी मजबूत पकड़ बनी. इसके अलावा, एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और शिक्षा जैसे विषयों पर भी मैंने गहराई से लेखन किया है, जिससे मेरी लेखन शैली संतुलित, भरोसेमंद और पाठक-केंद्रित बनी है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >