Shani Temple Rules: शनि देव को न्याय और कर्मफल का देवता माना जाता है. वे व्यक्ति के अच्छे और बुरे कर्मों के अनुसार फल प्रदान करते हैं. यही कारण है कि उनकी पूजा में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शनि देव को प्रसन्न करने से जीवन की बाधाएं, आर्थिक समस्याएं और कार्यों में आने वाली रुकावटें दूर हो सकती हैं.
शनि मंदिर में हाथ जोड़कर क्यों नहीं करना चाहिए प्रणाम?
मान्यता है कि शनि देव के सामने सामान्य देवताओं की तरह हाथ जोड़कर नमन नहीं करना चाहिए. कहा जाता है कि ऐसा करने से उनकी वक्र दृष्टि का प्रभाव पड़ सकता है. इसके बजाय भक्त को उनके सामने सिर झुकाकर खड़ा होना चाहिए और दोनों हाथों को कमर के पीछे बांधकर श्रद्धापूर्वक नमन करना चाहिए. यह विनम्रता और आत्मसमर्पण का प्रतीक माना जाता है.
शनि मंदिर जाने का सही समय क्या है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शनि मंदिर में सूर्य के तेज प्रकाश के दौरान जाने से बचना चाहिए. श्रद्धालुओं को सूर्योदय से पहले या सूर्यास्त के बाद शनि देव के दर्शन और पूजा करने की सलाह दी जाती है. माना जाता है कि इस समय की गई आराधना अधिक फलदायी होती है.
क्षमा याचना का महत्व
नमन करने के बाद शनि देव से अपने जाने-अनजाने में हुए बुरे कर्मों के लिए क्षमा मांगनी चाहिए. साथ ही यह संकल्प लेना चाहिए कि भविष्य में ऐसे कार्य नहीं करेंगे जो शनि देव को अप्रिय हों. ऐसी श्रद्धा और सच्ची भक्ति से शनि देव की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है.
